Panchavati Nashik Crime Incident (सोर्सः सोशल मीडिया)
Panchavati Nashik Crime Incident: पिछले लगभग 10 महीनों से फरार चल रहे कुख्यात गैंगस्टर हर्षद पाटणकर के गिरोह ने शहर में एक बार फिर दहशत फैला दी है। पंचवटी क्षेत्र के मोरे मला इलाके में आधी रात के करीब पाटणकर और उसके साथियों ने निलेश रणमाले नामक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों को संदेह था कि निलेश ने पुलिस को उनके बारे में जानकारी दी थी। इसी शक के चलते उस पर हमला किया गया। घटना के दौरान गिरोह के सदस्यों ने इलाके में खड़ी चार वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की। स्थानीय नागरिकों ने गोलीबारी होने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
लगातार फरार रहने के बावजूद अपराधों को अंजाम देने वाले पाटणकर की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अपराध जांच शाखा को निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (Quick Response Team) के हथियारबंद कमांडो की मदद ली जाए, लेकिन पाटणकर को किसी भी हालत में गिरफ्तार किया जाए। सरेआम पुलिस को चुनौती देने वाले इस गिरोह की वजह से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
नगर निगम चुनाव से पहले पुलिस ने शहर में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर नासिक को “कानून का किला” बताया था। हालांकि चुनाव खत्म होने के बाद शहर में अपराध की घटनाओं में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पुलिस महकमे में यह चर्चा भी है कि संदिग्ध अपराधियों पर कार्रवाई के दौरान राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ता है। इसी कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और शहर में गैंगवार का खतरा फिर से बढ़ गया है।
ये भी पढ़े: बंदूक साफ करते समय हादसा, धुले में गन हाउस से चली गोली; एक महिला घायल