dumbbells tied body (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nashik Suspected Murder: चांदवड़-निफाड रोड पर परसुल क्षेत्र स्थित परसुली-चिंचोली नदी के पुल के नीचे रविवार, 22 फरवरी की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। शव की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
चांदवड़ पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, परसुल की पुलिस पाटिल सोनाली विजय सोनवणे ने नदी के पानी में एक अज्ञात शव देखे जाने की सूचना चांदवड़ पुलिस स्टेशन को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक कैलाश वाघ के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक ए.बी. मोरे और उनकी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए चांदवड़ उप-जिला अस्पताल भेज दिया है।
घटनास्थल पर शव पानी में उल्टा तैरता हुआ मिला। पुलिस जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि मृतक की जांघ को नायलॉन की रस्सी से बांधा गया था और उसकी कमर से लगभग 20 से 30 किलो वजन के लोहे के डंबल्स बंधे हुए थे। इतना ही नहीं, मृतक का मुंह भी कपड़े से बंधा हुआ पाया गया।
ये भी पढ़े: अजित पवार विमान हादसा: कब आएगी जांच रिपोर्ट? मंत्री मुरलीधर मोहोल ने दी बड़ी जानकारी
मृतक ने लाल रंग का हुडी टी-शर्ट और नीले रंग की ट्रैक पैंट पहनी हुई है। पैरों में 9 नंबर की पैरागॉन चप्पल है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। चांदवड़ पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है, लेकिन बरामद साक्ष्यों के आधार पर हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच सहायक पुलिस निरीक्षक ए.बी. मोरे कर रहे हैं।