बांद्रा टर्मिनस पर आरपीएफ का ‘ऑपरेशन नार्कोस’, अवध एक्सप्रेस से जब्त किया 13.83 करोड़ का चरस
Bandra Terminus Charas Seizure: बांद्रा टर्मिनस पर आरपीएफ के ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत अवध एक्सप्रेस से 13.83 करोड़ रुपये मूल्य की 13.834 किलोग्राम चरस बरामद की गई, मामले की जांच जारी है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Avadh Express drugs case (सोर्सः सोशल मीडिया)
RPF Drug Bust Mumbai: पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ की टीम ने बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर एक लावारिस बैग से 13.834 किलोग्राम चरस बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 13 करोड़ 83 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ईएमसी ड्यूटी पर तैनात आरक्षक मुकेश मंगवा शनिवार सुबह करीब 4:20 बजे अवध एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19038) की लॉकिंग जांच कर रहे थे, जो गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची थी। इसी दौरान उनकी नजर गार्ड कोच से सटे एक सामान्य कोच में लावारिस पड़े संदिग्ध बैग पर पड़ी। मंगवा ने इसकी सूचना तुरंत ड्यूटी अधिकारी उपनिरीक्षक प्रभाकर राव को दी।
बैग में मादक पदार्थ होने की पुष्टि
इसके बाद बांद्रा टर्मिनस आरपीएफ के प्रभारी जगदीश प्रसाद जाट और कार्यभार निरीक्षक राजेंद्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन तथा उपनिरीक्षक योगेश कुमार जानी के नेतृत्व में मामले की जानकारी बांद्रा जीआरपी, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम सहित आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त संतोष सिंह राठौड़ एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त कल्याण डी. मोरे को दी गई। आला अधिकारियों के निर्देशानुसार आरपीएफ, बांद्रा जीआरपी और फॉरेंसिक टीम ने नार्को स्पेशलिस्ट डॉग ‘टेंगा’ तथा जीआरपी के डॉग ‘रॉकी’ की मदद से बैग में मादक पदार्थ होने की पुष्टि की।
सम्बंधित ख़बरें
अंधभक्तों के सरगना का फरमान था, धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत पर भड़के रोहित पवार, छात्रों पर FIR पर दी चेतावनी
लखनऊ में 90% जगह अवैध है, क्या वहां भी बुलडोजर चलेगा? जौहर यूनिवर्सिटी मामले पर वारिस पठान का तीखा हमला
मासूम के फेफड़े में 7 साल तक कैद रही पेन की टोपी, डॉक्टर देते रहे TB की दवा, गलत इलाज से परेशान थी लड़की
पाताललोक का आभास कराएगी मुंबई की यह टनल! देश की सबसे गहरी रोड टनल हो रही तैयार, जानें इसकी 4 बड़ी विशेषताएं
31 पैकेटों में भरी थी चरस
एफएसएल टीम और बांद्रा जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शहाजी निकम की मौजूदगी में जब बैग खोला गया, तो उसमें छिपाकर रखे गए 31 अलग-अलग पैकेट मिले। इनमें कुल 13.834 किलोग्राम चरस बरामद हुआ। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करने के बाद आरपीएफ ने आगे की कार्रवाई के लिए जब्त मादक पदार्थ बांद्रा जीआरपी को सौंप दिया है।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र कल से, विपक्ष ने ‘चहापान’ का किया बहिष्कार, सत्तापक्ष ने लिया चाय का मजा
जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) और 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन में चरस किसने और कहां से चढ़ाई थी तथा मुंबई में इसे किसे सौंपा जाना था।
