अजित पवार विमान हादसा: कब आएगी जांच रिपोर्ट? मंत्री मुरलीधर मोहोल ने दी बड़ी जानकारी

Ajit Pawar Plane Crash: केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने अजित पवार विमान हादसे के मामले में बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने प्रारंभिक रिपोर्ट की तारीख और रोहित पवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर जवाब दिया।
Ajit Pawar plane crash First report will be released on before 28 February Murlidhar Mohol
अजित पवार प्लेन हादसा व मंत्री मुरलीधर मोहोल (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Murlidhar Mohol On Ajit Pawar Plane Crash First Report: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता अजित पवार की जान लेने वाले दुखद विमान हादसे को लेकर देश भर में सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच, केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने रविवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट 28 फरवरी को या उससे पहले सार्वजनिक कर दी जाएगी।

जांच की समयसीमा तय

पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मोहोल ने कहा, "नियमों के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट घटना के एक महीने के भीतर पेश करनी होती है। 28 जनवरी को हुए इस हादसे के संबंध में नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) सक्रियता से काम कर रहा है और फरवरी के अंत तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।"

रोहित पवार ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

इस दुर्घटना को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में उबाल है। शरद पवार के पोते और विधायक रोहित पवार ने इस मामले को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विमान कंपनी 'VSR' की कार्यप्रणाली पर उंगली उठाई है और इसमें किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है।

इतना ही नहीं, रोहित पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि जांच पूरी होने तक केंद्रीय विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू का इस्तीफा लिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विमान कंपनी और मंत्री की पार्टी (TDP) के बीच संबंध हो सकते हैं, जिसकी जांच अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से कराई जानी चाहिए।

क्या बोले मुरलीधर मोहोल?

इन आरोपों पर पलटवार करते हुए मुरलीधर मोहोल ने कहा कि DGCA ने पहले ही प्रेस नोट जारी कर तकनीकी पहलुओं पर स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि जांच पारदर्शी तरीके से चल रही है। रिपोर्ट सार्वजनिक होगी और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। मैं व्यक्तिगत टिप्पणियों या राजनीतिक आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता।

उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के पास हुए इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से ही विमान के रख-रखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com