नंदुरबार में बर्ड फ्लू का तांडव; 1.40 लाख मुर्गियों को मारने का आदेश, पोल्ट्री उद्योग में दहशत
Bird Flu in Nandurbar: महाराष्ट्र में नंदुरबार के नवापुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद 1.40 लाख मुर्गियों को मारने का आदेश। प्रशासन ने 3 किमी का कंटेनमेंट ज़ोन बनाया है और निगरानी कड़ी की गई है।
- Written By: अनिल सिंह
महाराष्ट्र के नंदुरबार में बर्ड फ्लू के आतंक से दहशत में लोग, मुर्गियों को मारने का आदेश
Nandurbar Bird Flu News: महाराष्ट्र का नंदुरबार जिला इन दिनों दोहरे संकट का सामना कर रहा है। एक तरफ जहां भीषण गर्मी और लू के चलते राज्य में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं दूसरी ओर नवापुर क्षेत्र में बर्ड फ्लू के प्रवेश ने नागरिकों और पोल्ट्री व्यवसायियों की रातों की नींद उड़ा दी है। पोल्ट्री फार्मों में मुर्गियों की अचानक मौत के बाद नमूनों को जांच के लिए इंदौर भेजा गया था, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है।
जिला कलेक्टर मिताली सेठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तालुका स्तरीय समिति का गठन किया है। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से उन सभी फार्मों को सील करने और मुर्गियों के नमूने लेने के निर्देश दिए हैं, ताकि बीमारी को जिले के अन्य हिस्सों और राज्य में फैलने से रोका जा सके।
कलिंग और कंटेनमेंट ज़ोन की रणनीति
संक्रमण को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन ने ‘कलिंग’ की प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया है। जिस पोल्ट्री फार्म में संक्रमण पाया गया है, उसके एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी छह फार्मों की 1 लाख 40 हजार मुर्गियों को मार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, तीन किलोमीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट ज़ोन और पांच किलोमीटर के दायरे को बफर ज़ोन घोषित कर दिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
सीएम का बड़ा फैसला, भीषण गर्मी में छात्राओं को राहत; नागपुर हॉस्टल में लगेंगे 600 कूलर
Mumbai Slum Safety Alert: गर्मियों में बढ़ा खतरा, फायर ब्रिगेड की चेतावनी
नागपुर में हाई अलर्ट, रेडिएशन हमले की धमकी, गुमनाम पत्र से मचा हड़कंप, जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध पदार्थ
ऑपरेशन यू-टर्न के बाद नया कदम, नागपुर में ड्रग टेस्टिंग शुरू; सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस सख्त
ये भी पढ़ें- MVA में ‘2028’ का मास्टरस्ट्रोक: अंबादास दानवे की उम्मीदवारी के बदले कांग्रेस ने पक्की की अपनी दो सीटें
10 लाख मुर्गियों पर मंडराता खतरा
नवापुर क्षेत्र में लगभग 10 लाख मुर्गियां हैं, जो इस समय बर्ड फ्लू के सीधे खतरे में हैं। यदि संक्रमण इन फार्मों तक पहुँचता है, तो पोल्ट्री उद्योग को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही बरतने वाले पोल्ट्री फार्म संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि प्रभावित फार्मों को सरकारी नियमों के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
जनस्वास्थ्य और पोल्ट्री उद्योग पर प्रभाव
बर्ड फ्लू के डर से लोगों में चिकन और अंडे के सेवन को लेकर भी दहशत फैलने लगी है। सरकार की प्राथमिकता इस समय मुर्गियों के माध्यम से इंसानों में फैलने वाले किसी भी संभावित संक्रमण को रोकना है। स्वास्थ्य विभाग ने नवापुर क्षेत्र के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी संदिग्ध लक्षण पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने को कहा है।
