NEET Paper Leak: लातूर के बाद अब नांदेड़ पहुंची CBI, जानें 8 घंटे चली छापेमारी क्या मिला?
CBI Raids In Nanded: NEET Paper Leak मामले में CBI की जांच अब महाराष्ट्र के नांदेड़ तक पहुंची। आठ घंटे से भी अधिक समय तक लगातार चली छापमारी में जानें क्या हुआ खुलासा?
- Written By: गोरक्ष पोफली
सांकेतिक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
NEET Paper Leak Update: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के कथित पेपर लीक और परीक्षा घोटाले की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले की आंच महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले तक पहुंच चुकी है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एक विशेष टीम ने इस पूरे रैकेट की कड़ियों को जोड़ने के लिए नांदेड़ में अचानक दस्तक दी और कई जगहों पर मैराथन छापेमारी व सघन पूछताछ की कार्रवाई को अंजाम दिया।
8 घंटे तक खंगाला कदम परिवार का ठिकाना
सीबीआई के अधिकारियों के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीम ने शनिवार को नांदेड़ के विद्युत नगर इलाके में रहने वाले अश्विनी भाऊराव कदम के फ्लैट पर तड़के ही छापा मारा। यह तलाशी अभियान बेहद गोपनीय और कड़ा था, जो आठ घंटे से भी अधिक समय तक लगातार चलता रहा।
जांचकर्ताओं को पुख्ता अंदेशा है कि इस परिवार ने अपनी बेटी के लिए लीक हुआ नीट का प्रश्नपत्र हासिल करने के लिए बिचौलियों को 5 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम का भुगतान किया था। छापेमारी के दौरान टीम ने घर में मौजूद कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों, डिजिटल सबूतों और अन्य सामग्रियों की बारीकी से जांच की।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर मनपा का अनोखा टाइमिंग! बारिश के बीच खोद दी सड़क; रामेश्वरी रोड पर कीचड़ व फिसलन से पैदल चलना हुआ दूभर
अकोलो में मध्यरात्रि की बाढ़ से मची तबाही;पठार नदी का पानी घुसा गांवों में, खेतों में मलबे से बुआई संकट में!
नरीमन प्वाइंट से कफ परेड तक नई कोस्टल रोड पर काम शुरू; 20 मिनट का सफर 5 मिनट में होगा पूरा, ट्रैफिक से राहत
तारापुर MIDC की रासायनिक फैक्ट्री में बड़ा हादसा: रिएक्टर फटने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, जांच शुरू
मॉक टेस्ट में 100 नंबर, मुख्य परीक्षा में आए 560
इस पूरे मामले में सीबीआई का शक तब और गहरा गया जब आरोपी छात्रा के पिछले शैक्षणिक रिकॉर्ड की जांच की गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नांदेड़ में परीक्षा की तैयारी के दौरान, वह छात्रा कोचिंग संस्थान के मॉक टेस्ट और असेसमेंट में मुश्किल से 100 से 120 अंकों के बीच ही स्कोर कर पा रही थी। जब मुख्य नीट परीक्षा का परिणाम आया, तो उसका स्कोर अप्रत्याशित रूप से उछलकर सीधे 560 अंकों के करीब पहुंच गया। इतने कम समय में अंकों में आए इस भारी अंतर ने ही जांच अधिकारियों के कान खड़े कर दिए और इस पूरे पेपर लीक रैकेट का पर्दाफाश होने की राह खुली।
लातूर कनेक्शन से जुड़े तार
सीबीआई की टीम को नांदेड़ का यह सुराग शुक्रवार को लातूर के एक नामी कोचिंग इंस्टीट्यूट से जुड़े एक ड्राइवर से की गई पूछताछ के बाद मिला था। जांच टीम कड़ियों को जोड़ते हुए सीधे नांदेड़ पहुंची। यही नहीं, रविवार को इस मामले में एक और बड़ा मोड़ आया जब सीबीआई की एक दूसरी टीम ने नांदेड़ में ही सक्रिय एक अन्य आरोपी शुभम खैरनार के कार्यालय पर छापा मारा। इसके बाद जांच दल विद्युत नगर क्षेत्र में स्थित खैरनार के आवास पर भी गया, जहां उनके परिवार के सदस्यों से घंटों पूछताछ की गई। अधिकारियों का मानना है कि इस परिवार ने भी प्रश्नपत्र खरीदने के लिए मोटी रकम का लेन-देन किया था।
यह भी पढ़ें: NEET Paper Leak: विवादों के बीच NTA में बड़ी ‘सर्जरी’, केंद्र ने तैनात किए …
राष्ट्रव्यापी जांच तेज
नीट परीक्षा के प्रश्नपत्रों को परीक्षा से पहले ही कुछ चुनिंदा उम्मीदवारों के बीच बांटे जाने के आरोपों के बाद पूरे देश में भारी बवाल मचा हुआ है। सीबीआई अब इस मामले में वित्तीय लेन-देन (Financial Transactions), विभिन्न कोचिंग संस्थानों के नेटवर्क और अंतर-राज्यीय बिचौलियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस रैकेट की जड़ों को पूरी तरह से उखाड़ा जा सके।
