नागपुर में शिवसेना (उबाठा) के राम रक्षा पाठ से गरमाया महाराष्ट्र का सियासी पारा; फडणवीस और भागवत को भी न्योता
Nagpur Ram Raksha Path: नागपुर के रामनगर मंदिर में होने वाले शिवसेना (उबाठा) के राम रक्षा पाठ को लेकर सियासत तेज हो गई है। कार्यक्रम पर सत्ता और विपक्ष के नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है।
- Written By: अंकिता पटेल
राम रक्षा पाठ,(सोर्स: नवभारत डिजाईन फोटो )
Nagpur Ram Raksha Path Shiv Sena UBT: नागपुर जिले में शिवसेना उबाठा की ओर से शनिवार को दोपहर 3:30 बजे रामनगर चौक स्थित राम मंदिर में आयोजित राम रक्षा पाठ को लेकर न केवल शहर बल्कि पूरे राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
सांसद संजय राऊत ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इस बीच, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जहां शिवसेना के राम रक्षा पाठ को ‘ढोंग’ करार दिया वहीं कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने राम मंदिर में कथित आर्थिक अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की।
कार्यक्रम में बाधा डालने के प्रयास
राऊत ने आरोप लगाया कि राम रक्षा पाठ कार्यक्रम में सरकारी स्तर पर बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के होर्डिंग लगाने में रुकावटें डाली जा रही हैं और आवश्यक अनुमति देने में भी परेशानियां खड़ी की जा रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किसी भी परिस्थिति में राम रक्षा पाठ का आयोजन होकर रहेगा।
सम्बंधित ख़बरें
चेंबूर में गैस टैंकर मरम्मत के दौरान भीषण विस्फोट: चालक की मौत, 2 गंभीर; कुर्ला के शीतल तालाब में डूबा युवक
नागपुर फायरिंग मामला: राकेश भुरे और अजय चिंचखेड़े समेत 8 आरोपी कोर्ट में पेश; 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड
NEET पेपर लीक का दाग और भारी तनाव के बीच लातूर पैटर्न का पलटवार, 1200 से ज्यादा छात्र बनेंगे डॉक्टर
POP गणेश मूर्तियों पर बॉम्बे हाई कोर्ट सख्त, कहा- प्राकृतिक जलस्रोतों को हो रहा नुकसान
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को किसी विवाह समारोह के लिए नहीं बल्कि राम भक्त और राम जन्मभूमि आंदोलन के कारसेवक के रूप में आमंत्रित किया गया है। नागपुर हिंदुत्व का प्रमुख केंद्र है, इसलिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत को भी पूरे सम्मान के साथ निमंत्रण दिया गया है। यदि वे स्वयं उपस्थित नहीं हो सकें तो उन्होंने अपना प्रतिनिधि भेजने का अनुरोधा किया है। भाजपा के साथ-साथ कांग्रेसक और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को भी इस कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया है
ठाकरे पिता-पुत्र आज आएंगे
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे व उनके पुत्र आदित्य ठाकरे का शनिवार को सुबह 11:45 बजे नागपुर आगमन होगा। आगमन के बाद वे विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे राम रक्षा पाठ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पार्टी का दावा है कि विदर्भ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में राम भक्त इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस बीच संजय राऊत ने ग्रामीण महिला पदाधिकारियों की बैठक लेकर राम रक्षा पाठ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संपर्क प्रमुख सतीश हरडे, महानगर प्रमुख किशोर कुमेरिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
राम मंदिर की दान राशि का हो रहा दुरुपयोग : विजय वडेट्टीवार
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा आस्था के साथ दी गई दान राशि का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने राम मंदिर में कथित आर्थिक अनियमितताओं की गहन जांच कराने की मांग की।
उन्होंने पूर्व सांसद नवनीत राणा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम और हनुमान के नाम का राजनीतिक उपयोग कर लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई जा रही है। कार्यक्रम में कौन जाए और कौन न जाए, यह संबंधित व्यक्ति का निजी निर्णय है लेकिन यदि आरएसएस और विहिप स्वयं को सच्चा राम भक्त मानते हैं तो उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए।
यह भी पढ़ें:-नागपुर फायरिंग मामला: राकेश भुरे और अजय चिंचखेड़े समेत 8 आरोपी कोर्ट में पेश; 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड
शिवसेना कर रही ढोंग : बावनकुले
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने उद्धव ठाकरे के राम रक्षा पाठ कार्यक्रम की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे का राम रक्षा पाठ महज ढोंग है। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलने के बावजूद वे उसमे शामिल नहीं हुए। अब जनाधार घटने के बाद भगवान राम के नाम पर वोट बैंक तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
