नागपुर का मौसम हुआ सुहाना, झमाझम बारिश से मिली राहत; 3 डिग्री लुढ़का तापमान
Nagpur Rain Monsoon: नागपुर में बारिश ने मानसून की आहट दे दी है। शहर के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर बारिश, मानसून, मौसम विभाग, (सोर्स: सौजन्य AI)
Nagpur Weather Update: नागपुर में अंततः मानसून अपने आगमन का संकेत देने लगा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सिटी में बारिश की संभावना जताई थी जो सही साबित हुई। दोपहर 1:30 बजे तक तो सूर्यदेव ने कहर बरपाया और गर्मी ने बेहाल किया लेकिन उसके बाद आसमान में काले-काले बादल छाने लगे।
सिविल लाइंस सहित पश्चिम नागपुर के कुछ इलाकों में और बेसा व हिंगना में 1:30 बजे बारिश शुरू हुई। कुछ इलाकों में इस दौरान बूंदाबांदी हुई। उसके बाद 3 बजे के करीब भी पश्चिम नागपुर के कुछ इलाकों में करीब 20 मिनट तेज बारिश हुई जिससे सड़कों के किनारे पानी जमा हो गया।
दोपहर से शाम तक अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे। शाम 5 बजे लगभग पूरी सिटी में बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे अच्छी बारिश हुई जिससे मौसम खुशगवार व शाम सुहानी हो गई। लोगों ने तपती गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग ने सिटी में शाम 5:30 बजे तक 32.0 मिमी बारिश दर्ज की। बारिश के चलते तापमान में 3 डिग्री की गिरावट भी आई।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर से गोवा सिर्फ 8 घंटे में! शक्तिपीठ महामार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण तेज, 13 जिलों को जोड़ेगा हाईवे
Maharashtra Weather: मानसून का रौद्र रूप! आज कोंकण के लिए रेड अलर्ट जारी; जानें आपके शहर का मौसम कैसा होगा?
वोट चोरी के बाद अब सबूत मिटाने की साजिश? बंगाल में 4000 EVM खाक होने पर विजय वडेट्टीवार का भाजपा पर बड़ा हमला
मानसून की पहली बारिश में गोंदिया नगर परिषद की खुली पोल, शहर में जगह-जगह जलजमाव
गुरुवार को तापमान 44 डिसे पहुंच गया था जो गिरकर शुक्रवार को 41.0 डिसे पर आ गया। यह औसत से 1.3 डिग्री अधिक रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 28.1 डिसे दर्ज किया गया। संभावना जताई जा रही है कि मानसून 19 जून तक सिटी सहित जिले में दस्तक दे सकता है। बता दें कि बीते वर्ष मानसून का आगमन 17 जून को हुआ था।
आज भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 13 जून को भी इसी तरह कुछ स्पेल की बारिश होगी। जिले के 1-2 स्थानों पर आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 14-15 जून को सिटी में तेज हवाओं के साथ बिजली के कड़कने व बादल गर्जन की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या फिर बौछारें पड़ सकती है।
16 से 18 जून तक आंशिक बदराया मौसम यानी छुप-छांव का मौसम बने रहने के संकेत विभाग ने दिये, 19 जून से जोरदार बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गर्मी कम नहीं होने वाली है। विभाग ने 13 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 14 से 16 जून तक यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सिटी का अधिकतम तापमान 42 से 44 डिसे और न्यूनतम तापमान के 26 डिसे तक बने रहने के संकेत मौसम विभाग ने दिए।
घोगली में 3 घंटे बिजली बंद
जैसे ही बारिश शुरू हुई बेसा के घोगली परिसर में बड़े इलाके की बिजली गुल होने की खबर मिली। नागरिकों ने बताया कि 3 घंटे तक बिजली बंद रही। उसके बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रही जिससे नागरिक परेशान होते रहे।
हिंगना में कई घरों के टीन शेड उड़े
तहसील के वानाडोंगरी, गुमगांव तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे अचानक तेज बारिश और आंधी-तूफान ने लोगों को प्रभावित किया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर घरों की टीन की छतें उड़ गई तथा पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें:- 13 जून उपहार सिनेमा त्रासदी: ट्रांसफॉर्मर रूम की चिंगारी से भड़की थी वह भीषण आग, जिसने ली थी कई मासूमों की जान
आंधी और बारिश के कारण कई परिवारों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। कुछ क्षेत्रों में बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
