भारी बारिश से डूबा नागपुर शहर! अंडरपास-दुकानें जलमग्न; स्कूल में फंसे छात्रों का किया रेस्क्यू, देखें VIDEO
Nagpur Heavy Rains: नागपुर शहर व ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई अंडरपास और दुकानें पानी में डूब गईं, वहीं खामला स्थित स्कूल से बच्चों को रेस्क्यू किया गया।
- Written By: आकाश मसने
नागपुर में भारी बारिश के कारण डूबा नरेंद्र नगर अंडरपास, छात्रों को स्कूल से बाहर निकालती रेस्क्यू टीम (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur Heavy Rain Waterlogging: संतोषजनक मानसून की आस लगाए बैठे नागपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। पिछले कुछ घंटों से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण पूरे शहर का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के निचले और ढलान वाले इलाकों में भारी मात्रा में पानी भर गया है, जिससे कई मुख्य मार्ग और अंडरपास पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक स्कूल में पानी घुसने के बाद दर्जनों बच्चों को बचाने के लिए दमकल विभाग को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
सोमलवाड़ा, नरेंद्र नगर और मनीष नगर अंडरपास पूरी तरह बंद
बारिश के रौद्र रूप का सबसे ज्यादा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। भारी बारिश के चलते सोमलवाड़ा रेलवे अंडरपास में कई फीट पानी भर गया, जिसके कारण सुरक्षा के लिहाज से इस मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा नरेंद्र नगर अंडरब्रिज और मनीष नगर अंडरब्रिज में भी लबालब पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। सड़कों पर जलभराव के कारण जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है और लोग घंटों फंसे रहे।
छत्रपति चौक पर मशहूर दुकान डूबी, व्यापारी परेशान
दक्षिण-पश्चिम नागपुर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। छत्रपति चौक में पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि यहां स्थित नागपुर की मशहूर ‘रामजी श्यामजी पोहावाला’ की दुकान पूरी तरह पानी में डूब गई। शहर की कई अन्य व्यावसायिक दुकानों और निचले इलाकों के मकानों में भी नालियों का गंदा पानी घुसने की खबरें सामने आ रही हैं।
नागपूर शहरासह ग्रामीण भागात जोरदार पाऊस सुरू असून या पावसामुळे शहरातील अनेक खोलगट भागात पाणी साचलेले आहे. जोरदार पावसामुळे सोमलवाडा रेल्वे अंडरपासचा मार्ग बंद झालेला आहे. #HeavyRainfall#Nagpur #Maharashtra pic.twitter.com/sWTujZW2JW — आकाशवाणी बातम्या नागपूर (@airnews_nagpur) July 28, 2026
खामला के सोमलवार स्कूल से छात्रों का सुरक्षित रेस्क्यू
बारिश की वजह से सबसे बड़ा संकट दक्षिण-पश्चिम नागपुर के खामला क्षेत्र में देखने को मिला। यहां स्थित सोमलवार स्कूल के परिसर और कक्षाओं के आसपास अचानक भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे वहां मौजूद छोटे-छोटे स्कूली बच्चे फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागपुर नगर निगम (NMC) की अग्निशमन सेवा और आपदा बचाव दल की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
नागपुरात जोरदार #पाऊस सुरू असल्याने दक्षिण पश्चिम नागपूर परिसरातील खामला येथे सोमलवार शाळेतील विद्यार्थ्यांना मनपाच्या अग्निशमन तसेच बचाव पथकातर्फे सुरक्षित रित्या बाहेर काढण्यात आले. #heavyrain #Nagpur #Maharashtra pic.twitter.com/tbFB2222yw — आकाशवाणी बातम्या नागपूर (@airnews_nagpur) July 28, 2026
यह भी पढ़ें:- क्या NCP के दोनों गुटों का होगा विलय? शरद पवार के बयान से महाराष्ट्र में गरमाई सियायत
राहत और बचाव दल के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से पानी के बीच से बाहर निकाला। अभिभावकों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे भी अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल की ओर दौड़ पड़े। नागपुर प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे जलमग्न अंडरपास और बहते नालों के पास जाने से बचें तथा बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
