नागपुर में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का बड़ा प्रदर्शन आज, पुलिस हाई अलर्ट पर; संविधान चौक बना छावनी
NEET Paper Leak Protest: नीट यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी आज नागपुर में प्रदर्शन करेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात।
- Written By: अमन उपाध्याय
अभिजीत दीपके, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
CJP NEET Paper Leak Protest Nagpur: नीट (UG) पेपर लीक मामले ने पूरे देश के शैक्षणिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इसी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज, 16 जून को महाराष्ट्र के नागपुर में एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
पार्टी पिछले एक महीने से इस मुद्दे पर मुखर है और उसकी मुख्य मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से तत्काल इस्तीफा दें। इस प्रदर्शन की संवेदनशीलता और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नागपुर पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं और सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
संविधान चौक पर जुटेंगे हजारों छात्र और कार्यकर्ता
यह विरोध प्रदर्शन नागपुर के संविधान चौक पर होगा, जहां दोपहर बाद से प्रदर्शनकारियों का जुटना शुरू होगा। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर युवाओं और छात्रों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों के लिए शाम 4 बजे इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन का हिस्सा बनें।
सम्बंधित ख़बरें
‘मैंने पहले ही CM फडणवीस को बताया था…’ अभिजीत दीपके पर हमले के बाद रोहिणी खडसे का बड़ा दावा
जयपुर में ‘कॉकरोचों’ के मुखिया का थप्पड़ों से स्वागत! युवकों ने अभिजीत को रसीद किए कई थप्पड़, देखें VIDEO
NEET UG 2026: फीस रिफंड को लेकर NTA का बड़ा अपडेट, गलत बैंक डिटेल भरने वालों को मिलेगा दूसरा मौका
NEET पेपर लीक पर वाराणसी में बवाल, PM कार्यालय घेरने जा रहीं पल्लवी पटेल गिरफ्तार; देखें- VIDEO
पुलिस और स्थानीय प्रशासन का अनुमान है कि इस प्रदर्शन में नागपुर शहर के साथ-साथ पूरे विदर्भ क्षेत्र के विभिन्न जिलों से लगभग 2,000 से अधिक युवा और कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। मुख्य प्रदर्शन से पहले, अभिजीत दिपके दोपहर 12 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वे पेपर लीक के खिलाफ अपने आंदोलन की आगामी रणनीति का खुलासा करेंगे।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए नागपुर पुलिस ने सुरक्षा का एक अभेद्य चक्र तैयार किया है। सुरक्षा व्यवस्था की सीधी निगरानी के लिए चार DCP और तीन ACP को मैदान में उतारा गया है। मैदानी स्तर पर व्यवस्था संभालने के लिए 18 पुलिस निरीक्षक, 45 एपीआई और सब-इंस्पेक्टर के साथ-साथ 470 पुरुष पुलिसकर्मी और 170 महिला पुलिसकर्मियों की भारी फौज तैनात की गई है।
किसी भी हिंसक स्थिति या अशांति से निपटने के लिए दो दंगा नियंत्रण प्लाटून (RCP) को स्टैंडबाय पर रखा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संविधान चौक और आसपास के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का घेरा बेहद सख्त रहेगा ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
जयपुर की घटना के बाद नागपुर पुलिस हुई सतर्क
नागपुर पुलिस की इस मुस्तैदी के पीछे एक बड़ी वजह सोमवार को जयपुर में हुई एक हिंसक घटना भी है। जयपुर में आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान जब अभिजीत दिपके अपने समर्थकों के साथ थे, तब दो युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और उन्हें सरेआम थप्पड़ जड़े।
इस घटना के बाद सीजेपी कार्यकर्ताओं में काफी गुस्सा देखा जा रहा है, जिसे देखते हुए नागपुर पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। नागपुर के पुलिस आयुक्त रविंद्रकुमार सिंगल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन अगर किसी ने कानून अपने हाथ में लेने या सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश की, तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- नागपुर में मानसून की दस्तक के साथ ही ‘लाल’ हुईं सब्जियां; रसोई का बजट बिगड़ा, 30% तक बढ़े दाम
ट्रैफिक डायवर्जन और आम जनता के लिए परामर्श
प्रदर्शन की वजह से शहर के व्यस्ततम इलाकों में यातायात प्रभावित होने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने संविधान चौक, वैरायटी चौक, जीरो माइल और सीताबर्डी जैसे प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और जाम से बचने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों और प्रदर्शनकारियों, दोनों से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि छात्रों के भविष्य से जुड़ा यह प्रदर्शन बिना किसी हिंसा या अप्रिय घटना के संपन्न हो सके।
