नागपुर विधान परिषद उपचुनाव: राजीव पोतदार और अतुल लोंढे के बीच सीधी टक्कर, मतदान के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर
Nagpur MCL By-election: महाराष्ट्र विधान परिषद की नागपुर स्थानीय निकाय सीट पर 18 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रशासन मुस्तैद है। कुल 836 मतदाता 14 केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
- Written By: आकाश मसने
अतुल लोंढे और राजीव पोतदार (फाइल फोटो, सोशल मीडिया)
Nagpur Vidhan Parishad By-election 2026: महाराष्ट्र में नागपुर विधान परिषद सीट उपचुनाव समेत 11 सीटों पर आज मतदान होगा। नागपुर स्थानीय स्वराज्य संस्था की विधान परिषद सीट पर होने वाले चुनाव में भाजपा की ओर से डॉ. राजीव पोतदार मैदान में हैं। वहीं महाविकास आघाडी की ओस से कांग्रेस के अतुल लोंढे उन्हें सीधी टक्कर दे रहे हैं।
मतदान के लिए नागपुर जिला प्रशासन तैयार
मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। नागपुर कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कुमार आशीर्वाद ने बताया कि चुनाव के दौरान जिले में किसी भी प्रकार की अनुचित घटना न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।
वोटर गणित: महिला और पुरुष मतदाताओं में बारीक अंतर
इस स्थानीय निकाय उपचुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू इसका वोटर गणित है। इस चुनाव में जनता सीधे वोट नहीं करती, बल्कि स्थानीय निकायों के चुने हुए जनप्रतिनिधि मतदान करते हैं। कुल 836 मतदाताओं वाली नागपुर सीट पर महिला और पुरुष प्रतिनिधित्व लगभग बराबर है। इस बार 419 पुरुष और 417 महिला मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस कांटे की टक्कर में महिला पार्षदों व जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद निर्णायक मानी जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
MMRDA मेट्रो नेटवर्क का नया कीर्तिमान, 30 करोड़ का आंकड़ा पार, रोजाना सफर कर रहे 2.79 लाख यात्री
Chandrapur News: ब्रह्मपुरी का श्मशान घाट खुद गिन रहा आखिरी सांस, जर्जर खंभे बने हादसों का सबब
117 दिन के संघर्ष के बाद समग्र शिक्षा के संविदा कर्मचारियों की बड़ी जीत, समायोजन का शासनादेश जारी
गांधी के हत्यारों और आंबेडकर के विरोधियों से हमें संविधान का पाठ नहीं चाहिए.. अभिजीत दीपके का RSS पर तीखा हमला
नागपुर जिले में बनाए गए 14 मतदान केंद्र
नागपुर कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा और सुचारू मतदान के लिए जिले भर में कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नागपुर जिला प्रशासन ने तहसील और नगर परिषद कार्यालयों को केंद्रों में तब्दील किया है।
वोटिंग मुख्य रूप से नरखेड़, काटोल, कलमेश्वर, सावनेर और पारशिवनी के तहसील कार्यालयों में होगी। इसके अलावा कन्हान-पिपरी नगर परिषद कार्यालय, रामटेक, मौदा, कामठी और नागपुर शहर तहसील कार्यालय में भी बूथ बनाए गए हैं। औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों को कवर करने के लिए वानाडोंगरी नगर परिषद, बूटीबोरी नगर परिषद और उमरेड तहसील कार्यालय में विशेष मतदान व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें:- शिवसेना (यूबीटी) के बागी सांसदों ने की स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात, उद्धव ठाकरे गुट में मचा हड़कंप
सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
निर्वाचन शेड्यूल के मुताबिक, आज यानी 18 जून को सुबह ठीक 8:00 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो शाम 4:00 बजे तक चलेगी। मतदान खत्म होते ही सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच नागपुर जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित बचत भवन लाया जाएगा। यहां बनाए गए विशेष स्ट्रॉन्ग रूम में मतपेटियों को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में सील रखा जाएगा। इसके बाद 22 जून को इसी बचत भवन में मतों की गिनती की जाएगी, जिसके बाद नागपुर की इस सियासी जंग के विजेता का फैसला होगा।
