नागपुर न्यूज
Chhapparband Muslim Shikshan Sanstha: नागपुर के पांचपावली थाना क्षेत्र में अल्पसंख्यक छप्परबंद मुस्लिम शिक्षण संस्था द्वारा संचालित स्कूल में 100 प्रतिशत अनुदान के आधार पर लोगों स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर 45.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया। पुलिस ने स्कूल के पदाधिकारियों समेत 6 लोगों पर मामला दर्ज किया।
आरोपियों में उक्त संस्था के संस्थापक पापडी बु. जिला भंडारा निवासी लतीफ पठान (70) और अध्यक्ष आरिफ लतीफ पठान (45) के अलावा उपाध्यक्ष व गौसिया प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल, एकता कॉलोनी नागपुर की मुख्याध्यापिका निखत अफरोज, एकतानगर निवासी मोहम्मद अफजल (42), समिति सचिव व जुबेदा पी. स्कूल, वांजरा यशोधरानगर की मुख्यध्यापिका राहिल अमरीन कुरैशी के अलावा लष्करीबाग निवासी अब्दुल गफ्फार अब्दुल सत्तार कुरैशी (78) बताये गये हैं।
जानकारी के अनुसार, लष्करीबाग निवासी फहरीन अफ्शा शेख (41) ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उन्हें और भाई शेख इरशाद शेख करीम और बहन अमरीन आफ्शा समेत उनके अन्य साथियों को संस्था के तहत चलाये जा रहे स्कूलों में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उन्हें बताया गया कि सभी स्कूल शासन द्वारा 100 प्रतिशत अनुदान पर चलाये जाते हैं, जबकि संस्था को शासन की ओर से कोई अनुदान प्राप्त नहीं होता है।
आरोपियों ने फिर्यादी और उनके रिश्तेदारों से नौकरी के लिए रकम की मांग की। समय-समय पर सभी पीड़ित अपनी ओर से क्षमता के अनुसार, रकम देते रहे लेकिन उन्हें नौकरी नहीं दी गई। यह रकम कुल 45.50 लाख तक पहुंच गयी। अपने साथ हुई धोखाधड़ी समझ आते ही उन्होंने संस्था पदाधिकारियों से रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें कई दिनों तक बरगलाया गया।
यह भी पढ़ें – अशोक खरात का पैर धोने वाली रूपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा, CM फडणवीस ने सफाई सुनने से किया इनकार
परेशान होकर सभी पीड़ित पांचपावली थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस द्वारा प्राथमिक जांच में आरोप सही साबित हुए। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी। पांचपावली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उक्त संस्था द्वारा स्थायी नौकरी नाम पर किसी से रकम लेकर धोखाधड़ी की हो तो बिना झिझक उचित कागजों के साथ पांचपावली थाने पहुंचें और शिकायत दर्ज करायें। जांच जारी है।