कल से शुरू हाेगी नागपुर-पुणे प्रीमियम ट्रेन, साप्ताहिक एक्सप्रेस का ट्रायल रन पूरा

Nagpur Hindi News: रीवा और पुणे (हड़पसर) के बीच वाया नागपुर दौड़ने वाली 20152/51 साप्ताहिक एक्सप्रेस 6 अगस्त से नियमित रूप से परिचालित की जाएगी। इसका ट्रायल रन पूरा हो चुका है।
Nagpur-Pune premium train will start from 6 August
अजनी रेलवे स्टेशन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur News: रीवा और पुणे (हड़पसर) के बीच वाया नागपुर दौड़ने वाली 20152/51 साप्ताहिक एक्सप्रेस का ट्रायल रन हो चुका है। यह ट्रेन 6 अगस्त से नियमित रूप से परिचालित की जाएगी। यह ट्रेन पुणे शहर के मेन स्टेशन की बजाय उससे पहले हड़पसर नाम के सब-स्टेशन तक चलाई जाएगी। पिछले 2 दिनों से पुणे में वरिष्ठ रेल अधिकारियों की लंबी बैठकें जारी हैं। संभवत: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हड़पसर स्टेशन जाकर यात्रियों का स्वागत करेंगे और स्टेशन का जायजा भी लेंगे।

यदि ऐसा हुआ तो नागपुर और पुणे के बीच प्रीमियम ट्रेन की उम्मीद बढ़ सकती है क्योंकि उक्त रूट पर नई ट्रेन के लिए वरिष्ठ रेल अधिकारी हमेशा पुणे की बजाय सब-स्टेशन न होने की बात कहते रहे हैं। हड़पसर स्टेशन ही पुणे का नया विकल्प है।

स्लीपर वंदे भारत की तगड़ी उम्मीद

  • प्रधानमंत्री मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट वंदे भारत एक्सप्रेस का स्लीपर वर्जन पटरियों पर दौड़ रहा है। लंबे समय से नागपुर और पुणे के बीच ऐसी ही प्रीमियम ट्रेन की मांग जारी है।
  • ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हड़पसर स्टेशन तैयार होने के बाद नागपुर और पुणे के बीच अब तक सबसे अपडेट भारतीय ट्रेन स्लीपर वंदे भारत दौड़ाई जा सकती है।
  • सूत्रों के अनुसार, इस योजना को अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से रेल मंत्री वैष्णव के ओएसडी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) आयोजित की गई। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संबंधित जोनों के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें भी शामिल रहीं।

कैसे हो सकता है परिचालन

यदि दोनों शहरों के बीच स्लीपर वंदे भारत दौड़ाई जाती है तो यात्रियों का वर्तमान की तुलना में 3 घंटे से 5 घंटे का समय बचेगा। यह ट्रेन नागपुर के अजनी रेलवे स्टेशन से शुरू होकर वर्धा, बडनेरा, अकोला, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहमदनगर और दौड़ होते हुए पुणे (हड़पसर) पहुंचेगी।

संभावित समय सारणी के मुताबिक यह ट्रेन पुणे से सुबह 6.20 बजे चलकर शाम 6.20 बजे पर अजनी पहुंचेगी। इसी प्रकार अजनी से सुबह 9.20 बजे पर चलकर यह ट्रेन पुणे में रात 9.30 बजे पर पहुंचेगी।

12 घटों में पहुंच सकेंगे पुणे: आचार्य

मध्य रेल जोन के जेडआरयूसीसी सदस्य धर्मेन्द्र आचार्य ने कहा कि नागपुर और मुंबई के बीच दुरंतो एक्सप्रेस वर्ष 2012-13 से केवल 11 घंटों में सफर पूरा करके हजारों यात्रियों का समय बचा रही है। तत्कालीन डीआरएम बृजेश दीक्षित ने यह कर दिखाया था। स्लीपर वंदे भारत के चलने से पुणे भी 12 घटों में पहुंच सकेंगे। हमें पूरी उम्मीद है कि नागपुर और पुणे के बीच जल्द ही स्लीपर वंदे भारत मिलेगी। इस ट्रेन की लाखों यात्रियों का सख्त जरूरत है।

Navbharat Live
navbharatlive.com