नागपुर AIIMS के इंटर्न डॉक्टर ने की आत्महत्या, हॉस्टल के बाथरूम में फांसी लगाकर दी जान

Nagpur Crime News: नागपुर एम्स के हॉस्टल में एक इंटर्न डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। वह एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद एम्स अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Nagpur AIIMS Intern doctor committed suicide
नागपुर एम्स (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur News: नागपुर के मिहान स्थित एम्स अस्पताल के हॉस्टल में एक इंटर्न डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। अपने हॉस्टल के बाथरूम में उसने फांसी लगाई। इस घटना से पूरे अस्पताल और छात्रों में हड़कंप मच गया है। मृतक संकेत पंडितराव दाभाड़े (22) बताया गया। सोनेगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संकेत मूलत: परभणी जिले के जिंतूर का रहने वाला था। वह एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद एम्स अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहा था। वह अस्पताल के चरक हॉस्टल के कमरा नंबर 909 में रहता था। शनिवार की रात उसने भोजन किया। कुछ समय दोस्तों के साथ बिताने के बाद वह अपने कमरे में चला गया।

दोस्तों का कॉल नहीं उठाया तो हुआ शक

रविवार को दिनभर वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया। उसके दोस्तों ने आपस में चर्चा की। किसी ने भी उसे रूम के बाहर निकलते नहीं देखा था। इसके बाद दोस्तों ने उसे काफी देर तक आवाज लगाई। उसके नंबर पर कॉल भी किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका के चलते दोस्तों ने रविवार रात 8 बजे के दौरान हॉस्टल के वार्डन पंकज जिभकाटे को जानकारी दी।

वार्डन ने तुरंत स्टाफ को मास्टर की लेकर रूम की जांच करने को कहा। कर्मचारियों ने दरवाजा खोला तो संकेत बाथरूम के गेट पर शॉल से बने फंदे पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद आला अधिकारियों और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

बाथरूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या

सोनेगांव के थानेदार नितिन मगर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संकेत ने बाथरूम के दरवाजे के भीतर की तरफ खूटी से शॉल बांधी थी और बाहर की तरफ लटका था। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस ने आत्महत्या का कारण जानने के लिए संकेत का मोबाइल जब्त किया है। कॉलेज के सहपाठियों से भी पूछताछ की गई लेकिन संकेत ने किसी से भी कोई तनाव के बारे में बात नहीं की थी। वह नियमित अपने परिजनों से बात करता था। पिता पंडितराव परभणी में शिक्षक हैं। उसकी बहन बीएएमएस डॉक्टर है। परिजनों को भी कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com