ऑनलाइन मटका सट्टे पर बड़ी कार्रवाई, फ्लैट में बनाया गया था अड्डा, 24 लोगों पर मामला हुआ दर्ज

Maharashtra Crime: नागपुर में अजनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, न्यू मनीषनगर की पॉश सोसाइटी में ऑनलाइन मटका अड्डे पर छापा। 23 सटोरिये गिरफ्तार, 36.93 लाख का माल जब्त।
Maharashtra Crime: नागपुर में अजनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, न्यू मनीषनगर की पॉश सोसाइटी में ऑनलाइन मटका अड्डे पर छापा। 23 सटोरिये गिरफ्तार, 36.93 लाख का माल जब्त।
नागपुर में गिरफ्तारी (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Crime News: अजनी पुलिस ने ऑनलाइन मटका सट्टे पर बड़ी कार्रवाई की। एक पंटर को दबोचने के बाद पुलिस को न्यू मनीषनगर की पॉश सोसाइटी के फ्लैट में चल रहे सटोरियों के अड्डे का पता चला। तत्काल वहां छापा मारा। वहां 23 सटोरिये ऑनलाइन एप्लिकेशन के जरिए सट्टे की खायवाली करते रंगे हाथ मिले। सट्टापट्टी पर पुलिस की ये सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों से लग्जरी मर्सडीज गाड़ी भी जब्त की। कुल 24 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस गिरोह का मुखिया पांढरकवड़ा का प्रियम रॉय बताया जा रहा है जो फिलहाल पकड़ में नहीं आया है। सोमवार की रात अजनी पुलिस को जानकारी मिली कि रूपनगर के आम्रपाली गार्डन के समीप एक युवक ऑनलाइन मटका सट्टे की खायवली कर रहा है।

खबर के आधार पर पुलिस ने वहां छापा मारकर श्रमजीवीनगर निवासी मन विश्वास देशभ्रतार (21) को मोबाइल पर लगवाड़ी करते रंगेहाथ पकड़ लिया, मन के मोबाइल की जांच करने पर सम्राट नामक व्यक्ति का वाट्सएप ग्रुप मिला। इस लाइन से कई सटोरिये जुड़े थे।

पॉश सोसाइटी के फ्लैट में 23 सटोरिये

पूछताछ में मन ने न्यू मनीषनगर के प्रोजोन अपार्टमेंट के फ्लैट क्र. 505 में मुख्य अड्डा होने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फ्लैट पर छापा मारा। वहां मांडवी, यवतमाल निवासी अंकुश शिरगुरवार (24), अभिषेक येडलावार (22), अमोल धुर्वे (22), धीरज सुरावार (32), कच्छेपार, चंद्रपुर निवासी श्रीकृष्ण बोरकर (25), उमेश चिचघरे (25), पांढरकवड़ा निवासी ओण सविता (19), अविनाश वझलवार (28), हर्ष शर्मा (22), आकाश किशोर बोरले (32), कृष्णा सविता (20), अभिराज कुंभरे (19) शामिल है। इसके अलावा केलापुर निवासी पवन मड़ावी (28), अंकित अनाके (24), शिवम मड़ावी (26), कार्तिक मड़ावी (29), श्रीनिवास परशावार (49), संकेत जाधव (22), सिंदेवाही निवासी अकालसिंह जूनी (19), रामकिसन आत्रआम (28), राकेश अक्केवार (29), लोधीखेड़ा, छिंदवाड़ा निवासी कुश राय (25) और घाटंजी निवासी ओम आंबेकर (20) अलग-अलग मोवाइल फोन पर सट्टे के नंबरों का उतारा और खायवली करते मिले।

36 लाख का माल जब्त

फ्लैट की जांच करने पर पुलिस को 28 मोबाइल फोन मिले। इसके अलावा लैपटॉप, ऑडियो मिक्सर मशीन, 32 स्कैनर और अन्य सामग्री मिली। पुलिस ने आरोपियों से लग्जरी कार और एसयूवी सहित 36.93 लाख रुपये का माल जब्त किया है। बताया जाता है कि प्रियम रॉय ने ही यह फ्लैट अपने पंटर के जरिए किराये पर लिया था। समूचे विदर्भ के सट्टापट्टी अड्डों से लगवाड़ी इस फ्लैट में बने ऑनलाइन अड्डे पर आती थी।

इसी तरह बोमा भी बड़ा अड्डा चला रहा है। पहले तो वह सट्टापट्टी में पंटर का काम करता था लेकिन धीरे-धीरे उसने एजेंट को अपने खेमे में लिया। क्रिकेट सट्टे में पैर जमाने के साथ ही राठी का पूरा सट्टापट्टी का धंधा अब बोमा ने हथिया लिया है। बोमा का शहर के क्रिकेट सटोरियों से भी विवाद चल रहा है लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगता। आश्चर्य की बात ये है कि मनीषनगर की पॉश सोसाइटी के फ्लैट में इतना बड़ा अड्डा चल रहा था और बेलतरोड़ी पुलिस को कोई भनक तक नहीं थी।