नागपुर मनपा चुनाव: 1457 उम्मीदवारों ने ठोकी ताल, जानें शहर के 10 जोनों का पूरा चुनावी गणित
Nagpur Municipal Election 2026: नागपुर मनपा चुनाव के लिए 1457 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा। आसीनगर जोन में सबसे ज्यादा, लक्ष्मीनगर में सबसे कम नामांकन। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन टूटा।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर में भरे गए नामांकन (सौजन्य-नवभारत)
NMC Nomination Count: नागपुर मनपा के आम चुनाव लगभग 8 वर्षों के इंतजार के बाद होने के कारण इच्छुकों में उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2017 के चुनाव की तुलना में इस वर्ष के आम चुनाव में लगभग 1457 से अधिक नामांकन दाखिल हुए हैं।
हालांकि चुनावी अखाड़े में इनमें से कितने प्रत्याशी बचे रहेंगे इसका निर्णायक आंकड़ा 3 जनवरी के बाद ही उजागर होगा किंतु प्राथमिक स्तर पर 1457 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जिसमें सबसे कम नामांकन लक्ष्मीनगर जोन में कुल 77 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि सर्वाधिक इच्छुकों की बाढ़ आसीनगर जोन में देखी जा रही है।
जहां कुल 190 इच्छुकों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में हुए मनपा के आम चुनावों में 151 सीटों के लिए कुल 1,135 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी थी, जबकि 8 वर्षों के इंतजार के बाद होने जा रहे अब के चुनाव में कुल 1457 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
सम्बंधित ख़बरें
क्या पुलिस की खाकी अब संघ के खाकी हाफ पैंट से जुड़ गई है? IPS विश्वास नांगरे पाटिल पर राज ठाकरे का सीधा हमला
नागपुर MLC : HC के रुख के बाद सरपंच-सदस्यों के मतदान अधिकार वाली जनहित याचिका वापस, कोर्ट ने किया निपटारा
गड़चिरोली के नप उपचुनाव में BJP को लगा झटका! कुरखेड़ा में कांग्रेस तो अहेरी में शरद पवार गुट ने लहराया परचम
पातुर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस का बजा डंका, हिदायत खान ने भाजपा-शिवसेना यूबीटी को 1600 वोटों से दी शिकस्त
सभी दलों का एकला चलो रे
उल्लेखनीय है कि भाजपा और कांग्रेस जैसे प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से अलग-अलग महानगर पालिकाओं में अलग-अलग गठबंधन करने के संकेत दिए गए थे किंतु नागपुर महानगरपालिका में दोनों दलों ने युति और आघाड़ी के रूप में लड़ने की काफी पहले घोषणा की थी जिसके लिए नामांकन के अंतिम दिन तक सीटों के बंटवारे को लेकर नेताओं की बैठक तो हुई किंतु इसे अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है।
यही कारण रहा कि अब सभी राजनीतिक दलों ने एकला चलो रे का नारा दिया है। यहां तक कि सभी दलों ने प्रत्याशियों की सूची भी घोषित कर दी जिससे अब नागपुर महानगरपालिका के चुनाव में कई प्रभागों में त्रिकोणी मुकाबला भी देखने को मिल सकता है।
राकां-बसपा का थाम रहे हाथ
जानकारी के अनुसार भाजपा और कांग्रेस की ओर से कई दावेदारों की टिकट काटी गई है। यहां तक कि कुछ पूर्व पार्षदों की टिकट भी काटी गई जिससे अब कुछ पूर्व पार्षद राष्ट्रवादी कांग्रेस के अलग-अलग गुटों का दामन थाम रहे है वहीं कुछ इच्छुक बसपा से जोर आजमाइश करने के लिए तैयार हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें – इस्तीफा-बगावत-हंगामा…हर जगह नौटंकी, नामांकन के आखिरी दिन दिखे सारे रंग, 14 जगहों पर महायुति टूटी
यहां तक कि भाजपा से टिकट नहीं मिलने की सूरत में कुछ इच्छुक राज्य की सत्ता भागीदारी वाली शिवसेना (शिंदे गुट) से टिकट लेकर भाजपा के करीबी बन रहने की कोशिश कर रहे हैं। इसी तरह से कुछ इच्छुक शिवसेना (उबाठा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) से टिकट लेकर चुनाव मैदान में डट गए हैं।
| जोन | नामांकन |
|---|---|
| 1 | 77 |
| 2 | 137 |
| 3 | 134 |
| 4 | 128 |
| 5 | 170 |
| 6 | 148 |
| 7 | 137 |
| 8 | 151 |
| 9 | 190 |
| 10 | 185 |
