स्टार एयरलाइन (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Hazur Sahib Nanded Pilgrimage: आखिर वह घड़ी आ ही गई जिसका नागपुर के लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। आखिरकार नागपुर और नांदेड़ के बीच हवाई सेवा को हरी झंडी मिल ही गई। 31 मार्च से दोनों शहरों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट शुरू की जा रही है।
पिछली बार की तरह ही क्षेत्रीय विमानन कंपनी स्टार एयरलाइन ने ही इस बारे में घोषणा की है। पिछली बार की गई घोषणा के बाद से अब तक इंतजार कर रहे यात्रियों का कहना है कि बस इस बार की घोषणा पिछली बार जैसे हवा-हवाई न निकले तो काफी अच्छा होगा।
जानकारी के अनुसार नांदेड़ से फ्लाइट सुबह 11.20 बजे उड़ान भरेगी और नागपुर में दोपहर 12.10 बजे पहुंचेगी। इसी तरह नागपुर से फ्लाइट 12.40 को उड़ान भरकर दोपहर 1.30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी। इसमें समय लगभग 50 मिनट से 1 घंटा 30 मिनट लगेगा।
यह भी पढ़ें – पिचकारी से रंग डालने आया मासूम…तो सगी दादी ने उड़ेल दिया खौलता पानी, रूह कंपा देगा नागपुर का ये VIDEO
फ्लाइट सप्ताह में 5 दिन उपलब्ध रहेगी। यह सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार व शनिवार को उड़ान भरेगी। नांदेड़ में गोदावरी नदी के तट पर स्थित तख्त सचखंड हजूर अबचलनगर साहिब सिखों के 5 पवित्र तख्तों में से एक है। यहां पूरे देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। यह फ्लाइट शुरू होने से यहां के सिख संगत और श्रद्धालुओं को दर्शन करने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
इसके साथ ही यह सेवा व्यापारियों, पर्यटकों और छात्रों के लिए बहुत सुविधाजनक होगी। स्टार एयर 76 सीटों वाले एम्ब्रेयर-175 विमान से यह सेवा संचालित करेगी। इसका शुरुआती किराया 2,500-3,000 रुपये के आसपास रह सकता है। इसके अलावा 31 मार्च से ही नांदेड़-गोवा (मोपा) सीधी उड़ान भी शुरू हो रही है।