बारिश से गिरा पेड़ (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur Weather Update: नागपुर में सितंबर की शुरुआत में नदारद रहने के बाद बीते कुछ दिनों से अधिकांश इलाकों में बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी सिटी के अधिकतर इलाकों में झमाझम बारिश हुई। कुछ इलाकों में धूप खिली होने के साथ बादल बरसे। धूप और बारिश के कारण उमस भी बढ़ गई। वहीं तापमान में भी बढ़ोतरी होने के कारण लोग गर्मी से हलाकान होते रहे।
शुक्रवार की तड़के अधिकतर इलाकों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने सुबह 8.30 बजे तक 12.5 मिमी बारिश दर्ज की। दोपहर को कुछ देर बादल शांत रहे। संध्या पूर्व दोबारा मौसम बदला और घने काले बादल छाने के साथ अच्छी बारिश हुई जिसके बाद मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे तक 5.0 मिमी बारिश दर्ज की।
शुक्रवार को सिटी का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रहा जो औसत से 0.9 डिसे अधिक रहा। गुरुवार की तुलना में 2.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री पर पहुंच गया है। यह औसत से 2.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.4 डिसे की गिरावट आई।
नागपुर में शुक्रवार शाम हुई बारिश और तेज हवाओं से कुछ इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। वाठोड़ा क्षेत्र में पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाया। सिम्बायोसिस कॉलेज के पास, प्रधानमंत्री आवास योजना निवासी पुष्पेंद्र राहंगडाले ने अपनी कार परिसर में पार्क कर रखी थी।
यह भी पढ़ें – विदर्भ को मिली नई रेल सौगात, आज PM मोदी करेंगे ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन
शाम करीब 4.52 बजे हवाओं के चलते परिसर में लगा एक विशाल पेड़ धराशायी होकर वाहन की छत पर गिर गया। पेड़ गिरने के कारण वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वाठोड़ा फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। करीब ढेड़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने पेड़ को काटकर हटाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।