नागपुर न्यूज
Prostitution Racket Nagpur: नागपुर के बेलतरोडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनीषनगर इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर 17 मार्च की शाम करीब 5.30 बजे ‘7-C वेलनेस स्पा’ पर जाल बिछाकर छापा मारा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फर्जी ग्राहक के जरिए पहले पुष्टि की और तत्पश्चात छापा मारकर मौके पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का खुलासा किया। इस मामले में नागपुर के प्रधानमंत्री आवास योजना निवासी सोनम सौरभ अडिगने (28) को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्यों की गरीब महिलाओं को पैसों का लालच देकर देह व्यापार में धकेलती थी।
छापे के दौरान दो महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें से एक ओडिशा राज्य की बताई जा रही है। दोनों महिलाओं को सुरक्षा और पुनर्वास के लिए सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस ने मौके से 5,000 रुपये नकद और करीब 10,000 रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया है, कुल मिलाकर 15,000 रुपये का माल बरामद हुआ है।
यह भी पढ़ें – मोदी कैबिनेट में महाराष्ट्र से नए चेहरे..प्रफुल को सुनेत्रा को मनाने का इनाम, जूनियर शिंदे का भी होगा प्रमोशन!
इस प्रकरण में बेलतरोडी पुलिस थाना में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 4, 5, 7, 8 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नागपुर शहर और सहायक पुलिस आयुक्त अजनी विभाग के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बेलतरोडी के नेतृत्व में की गई।