नागपुर क्राइम (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Unidentified Dead Body: नागपुर के न्यू कामठी थानांतर्गत खैरी गांव परिसर में एक युवक की धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई। बुधवार की सुबह झाड़ियों में सड़ी हुई हालत में शव पाया गया। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। उम्र अंदाजन 35 वर्ष बताई जा रही है।
बुधवार की सुबह 11 बजे के दौरान कंट्रोल रूम को जबलपुर-नागपुर आउटर रिंग रोड पर खैरी परिसर के जंगल में एक शव पड़ा होने की जानकारी मिली। तत्काल न्यू कामठी के थानेदार महेश आंधले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। झाड़ियों के बीच एक शव मिला। व्यक्ति की मृत्यु को 3 से 4 दिन होने का अनुमान लगाया गया। शरीर पर जख्मों के निशान थे और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था।
पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आसपास के परिसर में जांच करने पर पुलिस को शराब की बोतल, सिगरेट का पैकेट, चप्पल और खून के धब्बे मिले। इससे हत्या का अनुमान लगाया जा रहा है। जानवरों द्वारा भी शव को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें – नागपुर में गैस माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक! सदर और जरीपटका में बड़ी छापेमारी, भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त
कांग्रेसनगर स्थित न्यू इंग्लिश हाईस्कूल के परिसर में भी बुधवार को शव पाया गया। दोपहर 12.15 बजे के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि स्कूल के स्टोर रूम के पीछे कंपाउंड वॉल के पास एक शव पड़ा है। खबर मिलते ही धंतोली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान नहीं हो पाई।
उम्र अंदाजन 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। मृतक की कलाई पर ‘एकनाथ’ नाम गुदा हुआ था। नागपुर पुलिस का अनुमान है कि वह भिखारी है और गर्मी से बचने के लिए स्कूल प्रांगण में गया होगा। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।