टायर फटने से कार पेड़ से टकराई, खडका गेट हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत, मासूम भी शामिल
Nagpur Khadka Gate Car Crash: खडका गेट के पास भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों, जिनमें 3 वर्षीय बच्ची शामिल है, की मौत हो गई। हादसे से खैरी गांव में शोक की लहर फैल गई।
- Written By: अंकिता पटेल
कामठी सड़क हादसा,(प्रतीकात्मक तस्वीर सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur Kamthi Road Accident: कामठी तहसील के खडका गेट के पास अमरावती-पाहणा राष्ट्रीय महामार्ग पर मंगलवार तड़के हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत और एक सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। खासतौर पर तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत ने इस हादसे को और भी मार्मिक बना दिया। खुशियों में शामिल होने निकला परिवार कुछ ही पलों में काल के गाल में समा गया।
शादी में जा रहा परिवार हादसे का शिकार
जानकारी के मुताबिक, कामठी के खैरी स्थित विनायक कॉलोनी निवासी नान्हे परिवार मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपनी कार (एमएच 40 केआर 0721) से अकोला जिले के अडसूल फाटा में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुआ था। परिवार उत्साह और उमंग के साथ सफर पर निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह यात्रा आखिरी साबित होगी।
बताया जाता है कि खडका फाटे के पास अचानक कार का अगला टायर फट गया। तेज रफ्तार वाहन पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
ठाणे मनपा के इतने हजार विद्यार्थियों को मिलेगी दो साल तक मुफ्त यूनिफॉर्म, योजना को महासभा की मंजूरी का इंतजार
संभाजीनगर मनपा की बड़ी उपलब्धि, आयुष्मान भारत अभियान में 5.26 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड जारी
संभाजीनगर में संविदा कर्मचारियों पर आयुक्त अमोल येडगे सख्त, काम में लापरवाही पर 2 महीने में हटाने के निर्देश
बेनोडा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और कर्मचारियों के रिक्त पद भरने की मांग, नागरिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
एक ही झटके में उजड़ गया परिवार
इस भीषण हादसे में समाधान किसनराव नान्हे (62), किरण गोपाल नान्हे (28) और तीन वर्षीय मासूम दिया गोपाल नान्हे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता इतनी थी कि टक्कर के बाद किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
परिवार के एक अन्य सदस्य गोपाल समाधान नान्हे (38) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।
खैरी गांव में पसरा मातम
इस हादसे ने खैरी गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों, वह भी एक मासूम बच्ची समेत, की मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। हर आंख नम है और हर जुबान पर बस इसी हादसे की चर्चा है।
यह भी पढ़ें:- 29 अप्रैल का इतिहास: लाल किले की नींव से बकिंघम पैलेस तक, आज का दिन विरासत और गौरव का प्रतीक
जिस परिवार ने खुशी के समारोह में शामिल होने घर से कदम निकाले थे, उसी परिवार के लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम छाया हुआ है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना सामने आई है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
