नागपुर में गैस माफिया का भंडाफोड़, घरेलू सिलेंडरों से रिफिलिंग का बड़ा खेल खत्म, 179 सिलेंडर के साथ 3 गिरफ्तार!
Nagpur Crime Branch Unit 1: नागपुर क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन। हिंगना में घरेलू गैस की कालाबाजारी करने वाले अड्डे पर छापा। 179 सिलेंडर जब्त, 3 गिरफ्तार। गैस एजेंसी मालिक की तलाश।
- Written By: प्रिया जैस
घरेलू गैस की कालाबाजारी के बड़े रैकेट पर छापा (सौजन्य-नवभारत)
Gas Cylinder Black Marketing: नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने गोपनीय जानकारी के आधार पर घरेलू गैस की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गैस सिलेंडर माफिया के अड्डे पर छापा मारकर 179 सिलेंडर सहित लाखों रुपयों का माल जब्त किया है। इस मामले में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि गैस एजेंसी के संचालक सहित अन्य 2 की तलाश जारी है।
इस मामले में और भी गैस एजेंसी के संचालक और कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है क्योंकि पुलिस को अड्डे पर अलग-अलग कंपनियों के सिलेंडर बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में सुनील हडमानाराम जानी (42), प्रकाश बुधाराम खिल्लेरी (23) और श्रवणकुमार राजूराम जानी (23) का समावेश है। तीनों जोधपुर (राजस्थान) के रहने वाले हैं।
नागपुर पुलिस ने मारा छापा
फरार आरोपियों में खड़की, हिंगना निवासी हबीब गुलाम शेख और भवानी गैस एजेंसी के संचालक का समावेश है। नागपुर पुलिस को खबर मिली थी कि हिंगना थानांतर्गत खड़की गांव में रहने वाले हबीब शेख के घर पर घरेलू गैस की कालाबाजारी का बड़ा अड्डा चल रहा है। खबर के आधार पर पुलिस ने हबीब के घर पर छापा मारा।
सम्बंधित ख़बरें
नांदगांव से नागपुर आया था परिवार, ग्रीन जिम की फिसलनपट्टी बनी काल; मासूम लक्की की मौत से हड़कंप
प्राइवेट NEET कोचिंग सेंटरों पर चलेगा सरकार का हथौड़ा! राजस्व मंत्री विखे पाटिल ने की पाबंदी की मांग
Kalyan: रेलवे यार्ड में 14 साल की लड़की से दरिंदगी, रेप की घटना से फिर दहल उठा महाराष्ट्र
छत्रपति संभाजीनगर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी उछाल; आम आदमी का बजट बिगड़ा, ऑटो एलपीजी हुई सस्ती
उसने अपने घर में ही बड़ा गोदाम बना रखा था। पकड़े गए आरोपी रिफिल मशीन मोटर पाइप से घरेलू सिलेंडर की गैस व्यावसायिक सिलेंडरों में भरते दिखाई दिए। व्यावसायिक उपयोग के सिलेंडरों का दाम घरेलू गैस सिलेंडरों से अधिक होता है, इसीलिए आरोपी घरेलू गैस कमर्शियल सिलेंडर में डालकर होटल संचालकों से ज्यादा रकम वसूल करते हैं।
11.21 लाख का माल जब्त
परिसर की जांच करने पर एचपी कंपनी के 125 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए। वहीं भारत गैस, इंडेन और एचपी कंपनी के 54 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए। गैस रिफिल मशीन, 2 वजन कांटा, 7 रेग्युलेटर, 80 पाइप, 3 वैक्यूम पम्प, 6 मोबाइल और सिलेंडर की आपूर्ति में इस्तेमाल होने वाला माल वाहन सहित 11.21 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें – न घर के, न घाट के…रात 2 बजे की ‘डील’ और पलट गई चंद्रपुर की बाजी! कांग्रेस ने अपनों पर ही फोड़ा हार का ठीकरा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी सार्वजनिक जगह पर यह काम करके लोगों की जान धोखे में डाल रहे थे, इसीलिए बीएनएस की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी राहुल माकणीकर और एसीपी अभिजीत पाटिल के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर भेदोड़कर, एपीआई राजाभाऊ जाधव, हेडकांस्टेबल सुशांत सोलंके, प्रीतम यादव, नितिन वासनिक, शरद चांभारे, योगेश सातपुते, स्वप्निल खोड़के और मंगेश बोरकुटे ने कार्रवाई को अंजाम दिया। फरार भवानी गैस एजेंसी के संचालक और हबीब की तलाश जारी है।
