विदर्भ को 84.8 करोड़ तो महाबलेश्वर अकेले को 64.6 करोड़; शहरी विकास फंड आवंटन में नागपुर का दबदबा

Vidarbha Infrastructure Fund: विदर्भ के बुनियादी ढांचे के लिए 84.81 करोड़ मंजूर। नागपुर को मिला 72.38 करोड़ का सबसे बड़ा हिस्सा। नरखेड़, काटोल और मोवाड में बनेंगे सीमेंट रोड।
Maharashtra government approves ₹381 crore for urban infra.
नागपुर न्यूज
Published on
Updated on

Nagpur Urban Development: महाराष्ट्र सरकार के नगर विकास विभाग द्वारा हाल ही में जारी एक शासनादेश के अनुसार राज्य भर के शहरी बुनियादी ढांचे के लिए कुल 381 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें से विदर्भ क्षेत्र के हिस्से में 84.81 करोड़ आए हैं जिसका एक बड़ा भाग (लगभग 85%) अकेले नागपुर जिले के खाते में गया है।

नागपुर का दबदबा

नागपुर जिले को कुल 72.38 करोड़ आवंटित किए गए हैं। नागपुर जिले की नरखेड़, काटोल और मोवाड नगर परिषदों को सबसे अधिक लाभ मिला है। यह फंड केंद्र सरकार की ‘राज्यों को पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता (2025-26) योजना’ के तहत दिया गया है। स्वीकृत राशि का उपयोग मुख्य रूप से 15 से 24 मीटर चौड़ी सड़कों, सीमेंट कंक्रीट सड़कों, सीवर लाइनों और आवासीय क्षेत्रों को एमआईडीसी जोन से जोड़ने वाले कॉरिडोर के निर्माण के लिए किया जाएगा।

विदर्भ के जिलों का आवंटन विवरण

जिला नगर परिषद आवंटित राशि (करोड़ में)
नागपुर नरखेड़, काटोल, मोवाड 72.38
यवतमाल घाटंजी 10.42
गोंदिया गोंदिया 1.49
अकोला बालापुर 0.52
कुल विदर्भ 84.81

अन्य क्षेत्रों की स्थिति

यद्यपि विदर्भ को 84.8 करोड़ मिले हैं लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों जैसे मराठवाड़ा (नांदेड़, लातूर, परभणी) और पश्चिमी महाराष्ट्र (लोनावला, महाबलेश्वर) को भी भारी आवंटन प्राप्त हुआ है। अकेले महाबलेश्वर को नागरिक सुविधाओं के लिए 64.6 करोड़ की मंजूरी मिली है।

कड़े नियम और शर्तें

  • काम की लागत बढ़ने पर राज्य सरकार कोई अतिरिक्त पैसा नहीं देगी।
  • परियोजनाओं का थर्ड-पार्टी टेक्निकल ऑडिट अनिवार्य है।
  • काम के विभिन्न चरणों की जियो-टैग्ड तस्वीरें और उपयोग प्रमाण पत्र समय पर जमा करने होंगे।
  • निर्माण के बाद गुणवत्ता और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी स्थानीय निकायों की होगी।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com