कोंढाली में बुलडोजर एक्शन: 15 साल पुराने अतिक्रमण पर चला नगर पंचायत का पंजा, फ्लाईओवर के नीचे की दुकानें साफ!
Kondhali Encroachment Removal: कोंढाली बस स्टैंड के पास फ्लाईओवर के नीचे और सर्विस रोड पर 15-16 साल से बने अतिक्रमण पर नगर पंचायत ने बुलडोजर चलाकर दुकानों को हटाया।
- Written By: प्रिया जैस
कोंढाली में चला बुलडोजर (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur Amravati Highway Encroachment: नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53/06 पर स्थित कोंढाली बस स्टैंड के सामने फ्लाईओवर के नीचे तथा सर्विस रोड के किनारे कई वर्षों से किए गए अतिक्रमण पर कोंढाली नगर पंचायत ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। गुरुवार को सुबह लगभग 10:30 बजे नगर पंचायत प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से यह अभियान चलाकर अतिक्रमित दुकानों को हटाते हुए पूरे परिसर को खाली कराया।
15-16 वर्षों से बनी दुकानें हटाई
कोंढाली बस स्टैंड के सामने स्थित फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग के फ्लाईओवर के नीचे पिछले 15-16 वर्षों से विभिन्न प्रकार की दुकानें संचालित हो रही थीं। यहां चाय के स्टॉल, पान ठेले, फल विक्रेताओं की दुकानें, नाश्ता केंद्र, सैलून तथा दोपहिया और भारी वाहनों की मरम्मत की दुकानें बड़ी संख्या में लगी हुई थीं। कुछ लोगों द्वारा फ्लाईओवर के नीचे की जगह पर कब्जा कर उसे अन्य लोगों को किराये पर देने के मामले भी प्रशासन के संज्ञान में आए थे।
यातायात में बाधा; नागरिकों की शिकायतें
इन अतिक्रमणों के कारण सर्विस रोड काफी संकरी हो गई थी। बस स्टैंड परिसर में वाहनों की भारी आवाजाही के कारण अक्सर यातायात बाधित होता था। बैंक जाने वाले बुजुर्ग, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं आदि यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस संबंध में नागरिकों द्वारा कई बार शिकायतें भी की गई थीं।
सम्बंधित ख़बरें
रिक्शा-टैक्सी चालकों को मराठी सीखने में सरकार करेगी मदद, कैबिनेट में जारी की गई गाइड पुस्तिका
भंडारा में 15 मई तक धारा 37 लागू, हथियार और जुलूस पर प्रतिबंध, त्योहारों के मद्देनज़र प्रशासन सख्त
नितेश राणे का दौरा रद्द, सभा में इंतजार करते रह गए समर्थक, अचलपुर-परतवाड़ा में जनसभा फीकी
प्राचीन स्मारकों के पास अवैध खनन बदस्तूर जारी, खुले में लावारिस पड़ी हैं अनमोल मूर्तियां
नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को पहले ही नोटिस देकर स्वयं दुकानों को हटाने की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके कई लोगों ने निर्देशों की अनदेखी की। इसके चलते प्रशासन को अंततः सख्त कदम उठाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी। नियोजित तरीके से जब्ती अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण हटाए गए।
मुख्याधिकारी डॉ. नरेंद्र बेंब्रे के नेतृत्व में अभियान
यह कार्रवाई कोंढाली नगर पंचायत के मुख्याधिकारी डॉ. नरेंद्र बेंब्रे के नेतृत्व में की गई। इस दौरान प्रशासकीय अधिकारी सचिन जायभाये, निर्माण अभियंता हर्षल सोनार, रचना सहायक प्राजक्ता दुगाणी सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद थे। वहीं कोंढाली पुलिस ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
यह भी पढ़ें – गैस सिलेंडर की किल्लत पर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा एक्शन, इन 5 बड़े फैसलों से आम आदमी को मिलेगी राहत
प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त रखना अत्यंत आवश्यक है। अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन तथा नागरिकों ने बंजारा की बस स्टैंड परिसर से अतिक्रमण हटने के बाद यातायात की समस्या काफी हद तक कम होगी। कुल मिलाकर कोंढाली बस स्टैंड परिसर में फ्लाईओवर के नीचे और सर्विस रोड के किनारे हुए अतिक्रमण हटने से राष्ट्रीय राजमार्ग का क्षेत्र खुला हो गया है और यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
