कलमेश्वर बनेगा सैटेलाइट सिटी, गडकरी ने किए 151 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन
Kalmeshwar satellite city: नितिन गडकरी ने कलमेश्वर को सैटेलाइट सिटी बनाने की घोषणा की। ₹151 करोड़ की योजनाओं में आरओबी, चौड़ी सड़कें और मुफ्त मकान शामिल हैं।
- Written By: प्रिया जैस
नितिन गडकरी ने किया भूमिपूजन (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur Development Projects: कलमेश्वर को सैटेलाइट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। इसके लिए 24 मीटर चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी, जिसके लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी होगा। ऐसा कहना है केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का। कलमेश्वर शहर में लंबे समय से रेलवे फाटक बंद रहने की समस्या से नागरिक परेशान थे।
शहर के प्रवेश मार्ग पर तथा काटोल मार्ग के घोराड फाटक पर अक्सर रेल यातायात के कारण वाहन अटक जाते थे। इस समस्या के समाधान हेतु केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सेतुबंधन योजना अंतर्गत 55 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) का डिजिटल भूमि पूजन किया।
नागपुर-कलमेश्वर-काटोल फोरलेन सड़क
इसी प्रकार वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत कलमेश्वर शहर के आंतरिक मार्गों के विकास हेतु 96 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, जिनका भूमि पूजन भी किया गया। दोनों परियोजनाएं डॉ. राजीव पोतदार के प्रयासों से संभव हुईं। गडकरी ने कहा कि नागपुर-कलमेश्वर-काटोल फोरलेन सड़क का कार्य फेटरी तक वन विभाग की अड़चन के कारण रुका है, लेकिन जल्द ही यह बाधा दूर कर कार्य पूर्ण किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
जून तक पालन करो वरना जुर्माना, स्कूल बस सुरक्षा नियमों पर हाई कोर्ट सख्त, 90 स्कूलों को चेतावनी
टायर फटने से कार पेड़ से टकराई, खडका गेट हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत, मासूम भी शामिल
बुलढाणा में भारी तनाव सैकड़ों प्रदर्शनकारी पुलिस की हिरासत में…
Bhandara News: मृत महिला के नाम पर हुआ मतदान, निष्पक्ष जांच की मांग
आरबीआई से तिडके विद्यालय तक बने उड़ान पुल का विस्तार गिट्टीखदान तक किया जाएगा। साथ ही कलमेश्वर की आंतरिक सड़कों की चौड़ाई 18 से 24 मीटर तक बढ़ाने की योजना को भी मंजूरी मिली है। इन सड़कों पर फुटपाथ, ड्रेनेज, जलनिकासी नालियां और भूमिगत सीएनजी पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कचरे से 20 टन सीएनजी प्रतिदिन उत्पादन
नितिन गडकरी ने बताया कि नागपुर शहर में कचरे से 20 टन सीएनजी प्रतिदिन उत्पादन की परियोजना अगले माह शुरू होगी। इसी गैस से बसें चलाने की योजना है। मेट्रो की बजाय एसी इलेक्ट्रिक बसें (135 सीटर) नागपुर रिंग रोड पर प्रारंभ की जाएंगी, जो आगे चलकर कलमेश्वर, सावनेर और कोराडी मार्गों पर भी संचालित होंगी। इसके अलावा बेला में 5 लाख रुपये में 500 वर्ग फुट के सीमेंट-कंक्रीट मकान तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें वर्षभर पानी व बिजली मुफ्त उपलब्ध होगी। इसी प्रकार की योजना कलमेश्वर में भी लागू की जाएगी।
यह भी पढ़ें – नागपुर में शुरू हुआ गंगाधरराव फडणवीस डायग्नोस्टिक सेंटर, किफायती दरों पर इलाज, कई सुविधाएं उपलब्ध
उद्योग क्षेत्र के विकास पर दिया जोर
गडकरी ने उद्योग क्षेत्र के विकास पर भी बल देते हुए कहा कि धापेवाड़ा में टेक्सटाइल प्रकल्प शुरू किया गया है जहां 5 करोड़ की लागत से कोसा व सिल्क की साड़ियां तैयार की जा रही हैं। पहले इन साड़ियों की प्रिंटिंग झारखंड में होती थी। अब यह कार्य स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर अभिनेत्रियों हेमा मालिनी और रवीना टंडन के यहां की बनीं साड़ियों को पहनकर शामिल होने की जानकारी है।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री व जिले के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, विधायक देशमुख, डॉ. राजीव पोतदार, सुधीर पारवे, अशोक धोटे, सुधाकर कोहले, धनराज देवके, मनोहर कुंभारे, अरविंद गजभिए, स्मृति ईखार, मीना तायवाड़े, महादेव ईखार व अन्य उपस्थित थे।
