गोरेवाड़ा बैक वॉटर: सफाई के नाम पर लीपापोती, छठ मनाने वालों में रोष, प्रशासन सुस्त, 3 दिन शेष
Gorewada Backwaters Chhath: दिवाली के बाद अब श्रद्धालु छठ पूजा की तैयारियों में लग गए है। एक ओर जहां भक्तों में छठ पूजा को लेकर उत्साह है वहीं दूसरी ओर प्रशासन इस संबंध में गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
- Written By: प्रिया जैस
गोरेवाड़ा बैकवॉटर (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur News: हिन्दू धर्म के बड़े त्योहारों में से एक दिवाली के बाद अब श्रद्धालुओं ने छठ पूजा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक ओर जहां भक्तों में छठ पूजा को लेकर उत्साह है वहीं दूसरी ओर प्रशासन इस संबंध में गंभीर नजर नहीं आ रहा। छठ के दौरान भक्तों द्वारा नदी और तालाबों के किनारे पूजा कर सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस संबंध में नागपुर महानगर पालिका की सुस्ती साफ नजर आ रही है।
छठ को केवल 3 दिन शेष रह गए हैं। ऐन छठ के मौके पर मनपा को गोरेवाड़ा बैक वॉटर की सफाई का खयाल आया। इसे लेकर छठ मनाने वालों के मन में रोष भड़का हुआ है। प्रशासन के लिए अब सफाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 72 घंटों के भीतर प्रशासन को छठ पूजा स्थल को तैयार करना होगा। यदि प्रशासन इस कार्य में असफल रहा तो सैकड़ों श्रद्धालुओं के त्योहार पर पानी फिरने में देर नहीं लगेगी।
पश्चिमवासियों का बड़ा सहारा
बता दें कि पश्चिम नागपुर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा करते हैं। गोरेवाड़ा बैक वॉटर पर हर वर्ष बड़े उत्साह के साथ छठ पर्व मनाया जाता है। पुलिस लाइन तालाब को निर्माण कार्य के चलते बंद रखा गया है। ऐसे में छठ मनाने के लिए गोरेवाड़ा बैक वॉटर पश्चिमवासियों के लिए बड़ा सहारा है। सफाई देरी से शुरू होने के कारण सैकड़ों श्रद्धालुओं के मन में शंका पैदा हो गई है। लोगों को इस बात की चिंता सताने लगी है कि सफाई कार्य छठ से पहले पूर्ण होगा या नहीं।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक में उखड़े स्पीड ब्रेकरों पर जागा मनपा प्रशासन, मरम्मत और रंबल स्ट्रिप्स का काम शुरू
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को ठेंगा! नागपुर में फुटपाथ बने पार्किंग व गोदाम, पैदल चलना हुआ दुभर
नागपुर में मानसून के साथ मंडराया स्वाइन फ्लू का खतरा: जुलाई में मिले 21 मरीज, मनपा ने जारी किया अलर्ट!
छतों पर नक्शा पास कराकर फर्जीवाड़ा? नागपुर मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर सख्त, 15 दिनों में मांगी सर्वे रिपोर्ट
मलबे का अंबार, दुर्गंध अपरंपार
गुरुवार को जेसीबी और मैनपॉवर के साथ गोरेवाड़ा बैक वॉटर की सफाई कार्य किया गया। देर शाम तक पानी से मलबा निकालने और सफाई का कार्य जारी रहा। इस दौरान बैक वॉटर के किनारे मलबे का अंबार जमा हो गया और अपरंपार दुर्गंध फैल गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नदी सफाई के लिए मनपा को कार्य की रफ्तार बढ़ानी होगी।
यह भी पढ़ें – न्यू नागपुर बनेगा बिजनेस डिस्ट्रिक्ट, मुख्यमंत्री फडणवीस ने की घोषणा, 15 दिन में होंगे ये बड़े फैसले
प्रशासन नहीं बरत रहा गंभीरता
छठ पूजा हिन्दू धर्म के बड़े त्योहारों में से एक है। छठ में महिलाएं निर्जला उपवास रखती हैं। ऐसे में छठ पूजा स्थल की पुख्ता व्यवस्था प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस संबंध में प्रशासन गंभीर नजर नहीं आ रहा। यह सैकड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है।
- शैलेश पांडे, संयोजक, पश्चिम नागपुर कृति समिति
व्यवस्था पर पहले से दें ध्यान
गोरेवाड़ा बैक वॉटर पर हर वर्ष छठ पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाता है। ऐसे में छठ स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पूजा करने की व्यवस्थाओं पर प्रशासन को पहले से ध्यान देना अनिवार्य है। इस ओर जिम्मेदार अधिकारियों को ध्यान देने की आवश्यकता है।
- प्रमोद ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता, पश्चिम नागपुर
