दूसरा सैटेलाइट स्टेशन होगा गोधनी, नागपुर जंक्शन पर दबाव होगा कम, जानिए कब से रुकेंगी ट्रेनें
Nagpur News: गोधनी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नागपुर जंक्शन का सैटेलाइट स्टेशन विकसित किया जा रहा है। यहां 8 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव प्रस्तावित है, जिससे भीड़ कम होगी।
- Written By: आकाश मसने
गोधनी रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Godhani Railway Station News: गोधनी स्टेशन को नागपुर जंक्शन का सैटेलाइट स्टेशन बनाने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे ने इस प्रोजेक्ट को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लिया है। इसके तहत गोधनी को यात्रियों की सभी सुविधाओं से लैस एक आधुनिक स्टेशन के रूप में तैयार किया जाएगा।
खास बात यह कि भविष्य में यहां से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) की ओर से आने-जाने वाली 8 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव प्रस्तावित है। इससे नागपुर स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को यात्रा में आसानी होगी।
16 प्रमुख निर्माण कार्य हो रहे
- रेलवे अधिकारियों के अनुसार गोधनी स्टेशन को अत्याधुनिक रूप देने के लिए 16 प्रमुख कामों पर तेजी से काम शुरू किया गया है।
- सबसे पहले यहां नया स्टेशन भवन (जी+1) बनाया जा रहा है जिसमें बुकिंग ऑफिस, प्रतीक्षालय, एसी वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
- यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज लिफ्ट के साथ बनाया जा रहा है।
- यात्रियों के वाहनों की पार्किंग की समस्या को देखते हुए यहां दो और चारपहिया पार्किंग क्षेत्र तैयार किया जा रहा है।
- स्टेशन परिसर में लैंडस्केपिंग और उद्यान सजावट की जाएगी। इसके साथ ही प्रवेश द्वार, पोर्च और आकर्षक मूर्तियां स्टेशन की खूबसूरती बढ़ाएंगी।
- यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर घेराबंदी की दीवार और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया जा रहा है।
- इसके अलावा स्टेशन की बाहरी सूरत और ऊंचाई (फैसाड व एलीवेशन) को भी आकर्षक बनाया जाएगा।
बनेंगे हाई लेवल प्लेटफॉर्म
एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज के बाद यात्रियों की सुविधाओं के तहत यहां स्थित प्लेटफॉर्मों पर भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 1 पहले ही हाई लेवल है और इसका विस्तार किया जा रहा है। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 की ऊंचाई बढ़ाकर उनका विस्तार भी किया जाएगा ताकि यात्री आसानी से गाड़ियों में चढ़-उतर सकें।
सम्बंधित ख़बरें
शिष्टाचार भेंट या घर वापसी का रास्ता? शरद पवार और तटकरे की मुलाकात से महायुति में बढ़ी बेचैनी
अवैध बाइक टैक्सियों पर प्रताप सरनाईक का शिकंजा, ऐप बंद करने और मालिकों पर केस दर्ज करने के निर्देश
भक्ति के बीच पसरा मातम, सांगली में मंदिर की दीवार ढहने से 6 श्रद्धालुओं की जान गई, कई घायल
साबरमती स्टेशन का बदलेगा चेहरा, DRM ने बुलडोजर चलाकर शुरू किया 10 हजार क्षमता वाले होल्डिंग एरिया का काम
इन प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की सुविधा के लिए शेड (कवर) लगाए जाएंगे। यात्रा के दौरान गाड़ियों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कोच वॉटरिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में स्पष्ट साइनस, आधुनिक फर्नीचर, कोच इंडिकेशन बोर्ड, मल्टीलाइन बोर्ड और घड़ियां लगाई जाएंगी जिससे यात्रियों को जानकारी आसानी से मिल सके।
यह भी पढ़ें:- PM Modi @75: पीएम मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक BJP का ‘सेवा पखवाड़ा’, देशभर में होंगे कार्यक्रम
स्टेशन रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में होगा सहायक
- नागपुर स्टेशन का करीब 480 करोड़ की लागत से पुनर्निमार्ण कार्य जारी है। हर दिन 150 से अधिक यात्री ट्रेनों को नागपुर स्टेशन से संचालित किया जा रहा है। ऐसे में रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट को पूर्ण गति नहीं मिल पा रही है।
- इसलिए मंडल प्रबंधन का प्रयास है कि अजनी के साथ गोधनी स्टेशन पर भी जल्द से जल्द प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाकर यहां दिल्ली की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज तय किये जाएं ताकि यात्रियों को नागपुर स्टेशन से डायवर्ट किया जा सके।
- हालांकि इससे पहले गोधनी स्टेशन पर उस स्तर की यात्री सुविधाएं तैयार करना अनिवार्य है जिसका का कार्य तेजी से जारी है।
कानूनी अड़चनों से हुई देरी
अमृत भारत स्टेशन प्रोजेक्ट के तहत अभी तक गोधनी स्टेशन का पुनर्निर्माण हो जाना था लेकिन स्टेशन तक पहुंचने वाला एप्रोच रोड काफी संकरा होने से केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने चौड़े रास्ते का विकल्प तैयार करने को कहा।
इसके बाद निर्धारित जमीन पर किये गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए मंडल प्रबंधन को कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। इसी वजह से निर्माण कार्य कई महीनों तक थमा रहा लेकिन अब सारी अड़चनें दूर हो चुकी हैं और गोधनी स्टेशन को तेजी से नया रूप दिया जा रहा है।
