

PM Modi 75th Birthday Seva Pakhwada: भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक विशेष ‘सेवा पखवाड़ा’ चलाने जा रही है। इस दौरान पूरे देश में सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को पीएम मोदी 75 साल के हो जाएंगे। उनके जन्मदिन को विशेष और यादगार बनाने के लिए भाजपा देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम कर रही है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और भाजपा महासचिव सुनील बंसल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मकसद केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, रचनात्मकता और समर्पण की भावना को बढ़ावा देना है।
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर भाजपा ‘आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत अभियान’ की शुरुआत करेगी। यह अभियान 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा। भूपेंद्र यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने राजनीति में सेवा और स्वच्छता जैसे मूल्यों को केंद्र में रखा है। चाहे मुख्यमंत्री हों या प्रधानमंत्री, उन्होंने हर संकट और आपदा में जनता के बीच पहुंचकर सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
भाजपा सांसद देशभर में अपने-अपने क्षेत्रों में खेल महोत्सव का आयोजन करेंगे। इसका रजिस्ट्रेशन 29 अगस्त से शुरू हो चुका है और 21 सितंबर को इसका औपचारिक उद्घाटन होगा। यह खेल प्रतियोगिताएं दिसंबर-जनवरी तक पूरे देश में चलेंगी।
भाजपा नेता सुनील बंसल ने बताया कि यह उनके महासचिव बनने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस थी और उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सेवा पखवाड़े में भाजपा संगठन, केंद्र सरकार और राज्य सरकारें मिलकर बड़े पैमाने पर गतिविधियां चलाएंगी।
देश भर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और जिलों में बुद्धिजीवियों की संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा और संवाद आयोजित किए जाएंगे। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
21 सितंबर की सुबह देश भर के 75 शहरों में एक साथ मोदी विकास मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही, 21-25 सितंबर तक देश भर में सांसदों का खेल पखवाड़ा भी आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राज्य सरकार ने 17 से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान, दिल्ली सरकार करोड़ों रुपये की लागत से 75 योजनाओं का शुभारंभ करेगी जो दिल्ली के विकास को आगे बढ़ाएंगी।