मध्य रेल की 12 लोकल होगी रद्द! हजारों आम यात्री राम भरोसे, नॉन एसी की जगह चलेगी एसी लोकल
Central Railway: मध्य रेलवे ने 29 जून से मुंबई मेन लाइन पर 12 नॉन-एसी लोकल ट्रेनों को रद्द कर उनकी जगह एसी लोकल चलाने का फैसला लिया है। इस निर्णय से हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आंचल लोखंडे
Local Train (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Mumbai Local Train: सोमवार 29 जून से मुंबई के आम लोकल यात्रियों की तकलीफें जहां बढ़ने वाली हैं,वहीं उच्च आय वर्गीय मुंबईकरों को कूल कूल यात्रा का लाभ भी मिलने वाला है। मध्य रेल ने अपनी मेन लाइन पर चलने वाली 12 साधारण लोकल फेरियों को रद्द कर उनकी जगह पर एसी लोकल चलाने का निर्णय लिया है। ये 12 लोकल, जो सोमवार से कैंसिल की जा रही हैं, वे मुंबई सीएसएमटी से ठाणे, कल्याण, टिटवाला, घाटकोपर, कुर्ला के बीच पीक आवर में अप-डाउन चलती रही हैं। इन कैंसल की जा रही लोकल के समय पर ही मध्य रेल के मुंबई मंडल ने 12 एसी लोकल फेरियां चलाने का निर्णय लिया है।
आम यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
यात्री संगठनों का कहना है,कि इस फैसले से नॉन एसी लोकल से चलने वाले आम यात्री हैरान होंगे। ऐसे समय जब मुंबई व उपनगरों की आबादी बढ़ने के साथ मध्य रेल की मुख्य लाइन पर चलने वाली लोकल ट्रेनों में यात्रियों का भार लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण लगातार 15 डिब्बों की लोकल चलाने और लोकल फेरियों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है। तब मध्य रेल अधिकारियों का आम लोकल फेरियां कैंसिल करने का फैसला हर किसी को हैरान और आक्रोशित कर रहा है।
प्रभावित होंगे आम लोकल यात्री!
यदि 12 साधारण लोकल सोमवार से कैंसिल होंगी तो इससे लगभग 40 से 50 हजार यात्री बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। एक अनुमान के मुताबिक, पीक आवर के दौरान एक नॉन एसी लोकल में 5 से 6 हजार यात्री कष्ट भरा सफर करते हैं। अब 29 जून से 12 लोकल कैंसिल होने पर हजारों यात्रियों के सामने यह संकट खड़ा हो जाएगा कि वे किस तरह यात्री करें ?
सम्बंधित ख़बरें
वर्धा से शेगांव और शिर्डी के लिए नई ST बस सेवा शुरू, पालकमंत्री पंकज भोयर ने किया शुभारंभ
शिपगांव हत्याकांड: खेत मजदूर की निर्मम हत्या, शरीर पर गहरे चोट के निशान
आज राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, गोंदिया में 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद
गोंदिया के किसानों को बड़ी राहत, धान बकाया भुगतान के लिए 286 करोड़ रुपये जारी
उनके सामने एक ही विकल्प होगा कि वे अपनी रोजाना की नियमित लोकल, जो कैंसिल की जा रही है, उसे छोड़ दूसरी नॉन एसी लोकल से यात्रा के लिए मजबूर होंगे। लेकिन दूसरी लोकल ट्रेनें तो पहले से ही पीक आवर में पैक चलती हैं, ऐसे में उन कैंसिल लोकल के यात्री क्या अपनी जान जोखिम में डालकर छतों पर बैठकर या लटक कर यात्रा करेंगे। वैसे भी मुंबई की लोकल ट्रेनों में अत्याधिक भीड़ की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
कैंसिल की गयी अप लोकल ट्रेनें
- टिटवाला से मुंबई सीएसएमटी : समय – सुबह 6.46 बजे
- घाटकोपर से मुंबई सीएसएमटी : समय – सुबह 9.16 बजे
- कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी : समय – शाम 4.34 बजे
- ठाणे से मुंबई सीएसएमटी : समय – शाम 6.16 बजे
- कल्याण से कुर्ला : समय – रात 9.04 बजे
- कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी : समय – रात 10.22 बजे
कैंसिल की गयी डाउन लोकल ट्रेनें
- ठाणे से टिटवाला: समय – सुबह 5.35 बजे
- मुंबई सीएसएमटी से घाटकोपर: समय – सुबह 8.37 बजे
- मुंबई सीएसएमटी से कुर्ला: समय – सुबह 10.00 बजे
- मुंबई सीएसएमटी से ठाणे: समय – शाम 5.12 बजे
- मुंबई सीएसएमटी से कल्याण: समय – शाम 7.18 बजे
- मुंबई सीएसएमटी से ठाणे: समय – रात 11.00 बजे
- उल्लेखनीय है कि इन रद्द की गईं नॉन एसी लोकल की जगह इन समयों पर एसी लोकल चलाई जाएगी।
मध्य रेल का निर्णय
मध्य रेल की सभी उपनगरीय लाइनों पर सोमवार से शुक्रवार के कार्यदिवसों पर रोजाना कुल 1820 लोकल फेरियां चलती हैं। जिनमें एसी लोकल की 108 फेरियां चलती हैं। इनमें हार्बर लाइन पर 28 एसी लोकल चलती है। अब सोमवार से इनकी संख्या 120 होने वाली है। मध्य रेल का कहना है कि मेन लाइन पर नॉन एसी की जगह 12 एसी लोकल चलेगी। हालांकि एसी, नॉन एसी लोकल सेवाओं की संख्या यथावत 1820 ही रहेगी। मध्य रेलवे अपनी एक खाली पड़ी एसी लोकल रेक का उपयोग यात्रियों की सुविधा के लिए करने जा रहा है,लेकिन इसका कोई लाभ नॉन एसी लोकल यात्रियों को नहीं होने वाला है। इसलिए इस फैसले को लेकर नाराजगी जताई जा रही है।
यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाला फैसला
व्यापारियों के महासंघ ‘कैट’ के राष्ट्रीय महामंत्री शंकर ठक्कर ने मध्य रेल के इस फैसले पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि मध्य रेल के जिस उच्च अधिकारी ने एसी लोकल चलाने के नाम पर हजारों आम यात्रियों को परेशानी बढ़ाने वाला यह निर्णय लिया है, लगता है उन्हें मुंबई के लाखों यात्रियों की समस्याओं की कोई जानकारी ही नहीं है, ना कोई चिंता है। ऐसे अधिकारी के खिलाफ तो रेल मंत्री को तुरंत एक्शन लेना चाहिए, जो हजारों गरीब, मजदूर, नौकरीपेशा यात्रियों की जान जोखिम में डालने का काम कर रहे हैं।
एसी लोकल का विरोध नहीं, किराया हो सस्ता
उपनगरीय रेल प्रवासी महासंघ की अध्यक्ष लता आरगड़े ने कहा कि मध्य रेल प्रशासन का यह निर्णय मनमाना है। इससे मुंबई के हजारों आम लोकल यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। हम एसी लोकल चलाने का विरोध नहीं करते हैं, लेकिन साधारण लोकल को रद्द कर एसी लोकल चलाना बिलकुल गलत है क्योंकि इससे दूसरी लोकल ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ और बढ़ जाएगी। लता ने कहा कि किसी भी बदलाव की जानकारी कम से कम एक महीने पहले दी जानी चाहिए और एसी लोकल का किराया सस्ता करना चाहिए, ताकि आम लोग भी उसमें सफर कर सकें।
एसी लोकल का किराया हो कम
रेल यात्री सेवा सुविधा संगठन के अध्यक्ष पारसनाथ तिवारी ने कहा कि नॉन एसी लोकल को कैंसिल कर एसी लोकल चलाना मुंबई के हजारों आम यात्रियों के साथ अन्याय है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि एसी लोकल का किराया सस्ता होगा, तो क्या मध्य रेल सोमवार से जो 12 एसी लोकल चलाने जा रहा है, उनका किराया सस्ता किया गया है? रेलवे ने किराया सस्ता करने की बात तो कही नहीं है। यदि कैंसिल लोकल के यात्री एसी लोकल में सफर करेंगे तो कई गुना दंड वसूला जाएगा।
