ओडिशा से थ्री ह्वीलर ऑटो में गांजा तस्करी, क्राइम ब्रांच ने जीजा-साले को दबोचा, हश हेज कैफे पर छापा
Nagpur Crime: नागपुर में क्राइम ब्रांच की एनडीपीएस सेल ने ओडिशा से थ्री ह्वीलर माल वाहन में गांजा की तस्करी के मामले में जीजा और साले को गिरफ्तार किया। अंबाझरी पुलिस ने हश हेज कैफे पर छापा मारा।
- Written By: प्रिया जैस
गांजा तस्कर गिरफ्तार (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur Crime Branch: नागपुर क्राइम ब्रांच की एनडीपीएस सेल ने ओडिशा से थ्री ह्वीलर माल वाहन में गांजा की तस्करी करने के मामले में जीजा और साले को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने ऑटो के पीछे एक खाचा बना रखा था। पुलिस से बचने के लिए उसके ऊपर एल्युमिनियम की प्लेट और रेक लादी गई थी लेकिन सूचना पक्की होने के कारण आरोपी दबोचे गए।
पकड़े गए आरोपियों में इंदिरा मातानगर, बिनाकी लेआउट निवासी मोहम्मद शारिक मोहम्मद वकील अंसारी (30) और वनदेवीनगर चौक निवासी मोहम्मद मासूम शेर अली (22) का समावेश है। रविवार को दोपहर में पुलिस को जानकारी मिली कि शहर का गांजा तस्कर एक माल वाहन ऑटो में माल लेकर नागपुर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भंडारा रोड के नाका नंबर 5 के पास जाल बिछाया।
2 किमी आगे चल रही थी पेट्रोलिंग
उपरोक्त नंबर के आटो में सवार शारिक को पकड़ा गया। ऑटो के डाले में एल्युमिनियम की प्लेट और रेक लदी थी। उन्हें हटाकर जांच करने पर 12 किलो गांजा बरामद हुआ। शारिक खुद अपने ऑटो से माल लेने के लिए ओडिशा गया था। नागपुर में प्रवेश करते समय उसने पुलिस से बचने के लिए अपने साले मासूम को बुला लिया। मासूम उसके वाहन से 2 किमी आगे दोपहिया वाहन पर पेट्रोलिंग कर रहा था। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।
सम्बंधित ख़बरें
मजदूर के भेष में पुलिस ने मारी रेड, नागपुर में नकली नोट के नाम पर ठगने वाली परवेज गैंग के 7 गिरफ्तार
कोयला गैसीकरण का राष्ट्रीय हब बनेगा विदर्भ, केंद्र ने दी 37,500 करोड़ की मंजूरी, फडणवीस ने की बड़ी घोषणा
नागपुर में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कपिलनगर पुलिस ने 121 ग्राम MD के साथ युवक को दबोचा, सप्लायर फरार
नागपुर में मानसून का इंतजार और बढ़ा, 23 जून के बाद ही आसार, तब तक झेलनी होगी उमस और भीषण गर्मी
हालांकि पुलिस को काफी ज्यादा मात्रा में गांजा मिलने की जानकारी थी लेकिन जांच में केवल 12 किलो गांजा ही बरामद हुआ। संदेह है कि शारिक ने रास्ते में ही कहीं माल उतार दिया। पूछताछ करने पर शारिक ने ओडिशा के लावण्य राणा और गोपीनाथ भोक्ता से माल खरीदने की जानकारी दी।
उन्हें भी पुलिस ने इस मामले में आरोपी बनाया है। इंस्पेक्टर गजानन गुल्हाने, एपीआई संदीप जाधव, पीएसआई नागेश पुन्नावाड, हेड कांस्टेबल पवन गजभिये, विवेक अढाऊ, अरविंद गेडेकर, गणेश जोगेकर, नितिन सालुंखे, राहुल पाटिल, शैलेष डोबोले, मनोज नेवारे और सहदेव चिखले ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें – पैसेंजर्स को प्रताड़ित कर रही आमला-नागपुर-आमला मेमू, हर दिन की देरी ने की हद पार
हश हेज कैफे पर पुलिस का छापा
नागपुर के अंबाझरी पुलिस ने गोकुलपेठ परिसर में स्थित हश हेज कैफे पर छापा मारा। यहां बड़ी संख्या में ग्राहक हुक्के का सेवन करते मिले। पुलिस ने कैफे के संचालकों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने रविनगर निवासी अभय मनोहर राठौड़ (22), प्रतापनगर निवासी निशांत राजेश पाटिल (21) और सामिन एकर धाबक (20) का समावेश है।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि गोकुलपेठ मेन रोड पर लक्ष्मीकृपा अपार्टमेंट में स्थित हश हेज कैफे में जमकर हुक्का चल रहा है। खबर के आधार पर शनिवार रात 10.30 बजे के दौरान पुलिस ने यहां छापा मारा। जांच करने पर 29 ग्राहक अलग-अलग टेबलों पर बैठकर हुक्के का सेवन करते दिखाई दिए। पुलिस ने कैफे से हुक्का पॉट, फ्लेवर और अन्य सामान सहित 11,000 रुपये का माल जब्त किया।
