नागपुर में मानसून का इंतजार और बढ़ा, 23 जून के बाद ही आसार, तब तक झेलनी होगी उमस और भीषण गर्मी
Nagpur Weather Update: नागपुर में मानसून की प्रगति धीमी। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून के बाद ही अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी, तब तक उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं।
- Written By: रूपम सिंह
नागपुर में उमस और भीषण गर्मी (डिजाइन फोटो- नवभारत)
Nagpur Climate Change: नागपुर में मानसून की दस्तक का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून की प्रगति धीमी पड़ गई है और शहर में इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां 23 जून के बाद बनने की संभावना है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ और दिनों तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
तापमान में मामूली गिरावट, राहत नहीं
गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में पिछले दिनों की तुलना में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी। दिनभर गर्मी का असर बना रहा और लोगों को पसीने व बेचैनी का सामना करना पड़ा।
सुबह चली ठंडी हवाएं, दिन में बढ़ी उमस
गुरुवार सुबह शहर में हल्की और ठंडी हवाएं चलने से मौसम कुछ समय के लिए सुहावना बना रहा। हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, उमस बढ़ती गई। पूरे दिन धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। मौसम में बदलाव के बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से लोगों को असहजता महसूस हुई। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और यातायात के दौरान गर्मी का असर साफ दिखाई दिया।
सम्बंधित ख़बरें
सेंट्रल रेलवे का कड़ा रुख, बेटिकट यात्रा और महिला कोच में अवैध एंट्री पर भारी जुर्माना, जानें ये नए नियम
Akola News: अकोला में सुरक्षा गार्ड पर टूटी शराब की बोतल से हमला, दो आरोपी नामजद
फडणवीस कैबिनेट ने लिए ये 8 ऐतिहासिक निर्णय, किसानों से लेकर आम आदमी तक को मिलेगी बड़ी राहत! देखें पूरी लिस्ट
5 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम? दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
कुछ इलाकों में बूंदाबांदी
नागपुर शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को क्षणिक राहत मिली। मौसम विभाग ने नागपुर में 10.2 मिमी वर्षा दर्ज की है। हालांकि यह बारिश मानसून की सक्रियता का संकेत नहीं मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के कारण हल्की वर्षा हो रही है।
23 जून के बाद बन सकते हैं अनुकूल हालात
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में किसी प्रभावी मौसमी प्रणाली के अभाव में मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है। यही वजह है कि विदर्भ समेत नागपुर क्षेत्र में मानसून की प्रगति अटक गई है। विभाग का अनुमान है कि 23 जून के बाद परिस्थितियां अनुकूल होने पर मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और क्षेत्र में अच्छी बारिश की शुरुआत हो सकती है।
यह भी पढें:- छत्रपति संभाजीनगर-जालना विधान परिषद चुनाव में 98.90% मतदान, 22 जून को होगा फैसला
लोगों की नजरें आसमान पर
लगातार बढ़ती उमस और गर्मी के बीच शहरवासियों की निगाहें अब मानसूनी बारिश पर टिकी हैं। किसान वर्ग भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहा है ताकि खरीफ सीजन की तैयारियों को गति मिल सके। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन व्यापक और जोरदार बारिश के लिए लोगों को अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
