मजदूर के भेष में पुलिस ने मारी रेड, नागपुर में नकली नोट के नाम पर ठगने वाली परवेज गैंग के 7 गिरफ्तार
Nagpur Crime Branch: नागपुर क्राइम ब्रांच ने मजदूर बनकर हसनबाग में छापा मारा और नकली नोट देकर ठगने वाले परवेज पप्पू और उसकी गैंग के 7 आरोपियों को दबोचा। दोबारा मकोका लगाने की तैयारी।
- Written By: रूपम सिंह
प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Nagpur Crime Branch Fake Currency Arrest: नागपुर में नकली नोटों की डील करके लोगों को लूटने वाले परवेज उर्फ पप्पू मोहम्मद शरीफ पटेल (50) के साथ पुलिस ने उसकी गैंग के 6 सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। बड़े ही योजनाबद्ध तरीके से पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, आरोपी परवेज को रंगेहाथ पकड़ने के लिए पुलिस खुद मजदूर बन गई और उसके कार्यालय के बाहर जाल बिछाया गया। जैसे ही पीड़ित युवक से डील हुई, पुलिस ने परवेज के बिलाल इंटरप्राइजेस नामक कार्यालय में छापा मार दिया।
परवेज के साथ पकड़े गए आरोपियों में चनकापुर, चंद्रपुर निवासी अवतार सिंह जग्गूसिंह जूनी (40); तुमसर, भंडारा निवासी अंकित लीलाधर वासनिक (30); हसनबाग निवासी अंकित राजेंद्र सूर्यवंशी (35); अदनान रोशन खान उर्फ आशू (31); रोशनबाग, वाटोड़ा निवासी मोहम्मद मनान मोहम्मद इदरीस शेख (46) और रामनगर, चंद्रपुर निवासी शाहरुख मनसूर खान (31) का समावेश है।
इस बार यवतमाल निवासी निखिल आकाश चव्हाण (24) परवेज गैंग का शिकार बनने वाला था। आरोपियों ने उसके साथ असली के बदले 5 गुना नकली नोटों की डील की थी। उसे सैंपल के तौर पर 50,000 रुपये के बदले 2 लाख रुपये लेने के लिए बुधवार रात बिलाल इंटरप्राइजेस में बुलाया गया था। क्राइम ब्रांच यूनिट 5 के इंस्पेक्टर विनायक गोल्हे को इसकी जानकारी मिली। हसनबाग चौक पर पुलिया का काम चल रहा है। गोल्हे ने अपनी टीम को मजदूर के वेश में जाल बिछाने को कहा। हेलमेट और जैकेट पहनकर पुलिस पहले से ही हसनबाग चौक पर जाल बिछाकर बैठ गई। जैसे ही डील हुई पुलिस ने छापा मार दिया।
सम्बंधित ख़बरें
छत्रपति संभाजीनगर में सोना बचत योजना के नाम पर ग्राहक से 23 लाख का धोखाधड़ी, मालिक और कर्मचारी पर हुआ FIR
सोशल मीडिया का खतरनाक जाल: 12वीं की छात्रा को बनाया बंधक, सर्विलांस की मदद से नागपुर पुलिस ने ऐसे कराया मुक्त
100 करोड़ वसूली मामला: अनिल देशमुख के खिलाफ ED को केस चलाने की मंजूरी, राज्यपाल ने दी अनुमति
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को ठेंगा! नागपुर में फुटपाथ बने पार्किंग व गोदाम, पैदल चलना हुआ दुभर
यह भी पढें:- टाइगर कॉरिडोर में खनन पर हाई कोर्ट में कानूनी जंग, एक सप्ताह के लिए सुनवाई टली
दोबारा लगेगा मोका
परवेज पर पहले से मकोका के तहत कार्रवाई हो चुकी है, जबकि मनान के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। अदनान और शाहरुख पर हत्या, एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज हैं, इसीलिए आरोपी पर दोबारा मोका लगाने की तैयारी चल शुरू हो गई है। आरोपियों से 500 रुपये के 5 बंडल जब्त किए जिनमें ऊपर और नीचे असली नोट लगे थे और बीच में नोटों के आकार के कागज डाले गए थे।
इसके अलावा आरोपियों से 10 मोबाइल, 1 लैपटॉप, रबर स्टैंप, चेकबुक और 2 चारपहिया वाहन सहित 20 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। ज्ञात हो कि इसके पहले एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीम भी परवेज पर छापेमारी कर चुकी है। इसके बावजूद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
