गिरगिट की तरह रंग बदलती पार्टी अपनी भूमिका स्पष्ट करें, बावनकुले ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

Maratha Reservation Congress: महाराष्ट्र राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने आरक्षण पर कांग्रेस से अपनी भूमिका स्पष्ट करने का चैलेंज किया।
Maratha Reservation Congress: महाराष्ट्र राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने आरक्षण पर कांग्रेस से अपनी भूमिका स्पष्ट करने का चैलेंज किया।
चंद्रशेखर बावनकुले और मनोज जरांगे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrashekhar Bawankule: नागपुर में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मराठा आरक्षण पर कांग्रेस से अपनी भूमिका स्पष्ट करने की हिम्मत दिखाने को कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कहते हैं कि ओबीसी आरक्षण कायम रखो, जातीय जनगणना कराओ लेकिन महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता ओबीसी आरक्षण कम कर मराठों को देने की बात करते हैं। कांग्रेस की आखिर भूमिका क्या है? उसे स्पष्ट करना चाहिए।

वे नागपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस नेता बालासाहब थोरात की मराठा आरक्षण के संदर्भ में क्या भूमिका है? नाना पटोले ने ओबीसी आरक्षण कम करने वाले आंदोलन को समर्थन दिया है क्या? कांग्रेस ने इस पर कोई प्रस्ताव पारित किया है क्या? कांग्रेस जिस तरह की नौटंकी कर रही है और गिरगिट की तरह रंग बदल रही है उससे उसकी स्पष्ट भूमिका स्पष्ट नहीं हो रही है। उसे अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।

मराठों को स्वतंत्र आरक्षण

चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राज्य सरकार मराठा समाज को आरक्षण देने पर अडिग है लेकिन किसी समाज का आरक्षण कम नहीं किया जाएगा। एक समाज का आरक्षण कम कर दूसरे को देना न्याय नहीं होगा लेकिन कांग्रेस भी अपनी भूमिका स्पष्ट करे। जरांगे पाटिल के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि आंदोलन करना सबका अधिकार है। 4 दिन का आंदोलन होता तो भी कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन गणेशोत्सव जैसे महोत्सव के दौरान यह ठीक नहीं है।

सीएम पर टिप्पणी गलत

2014 में देवेन्द्र फडणवीस जब सीएम थे तब मराठा आरक्षण का ऐतिहासिक निर्णय हुआ। डीसीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार वाली सरकार भी मराठों को स्वतंत्र आरक्षण देना चाहती है। फडणवीस ने मराठा आरक्षण के लिए बहुत काम किया। उन पर जातिवाचक टिप्पणी करना गलत है। वे सभी के साथ न्याय चाहते हैं। राज्य के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

वोट चोरी के राहुल गांधी के आरोपों पर बावनकुले ने कहा कि बीते 10 वर्षों में हमने विकास के लिए कार्य किया। कांग्रेस से नेता बाहर निकल रहे हैं, इसलिए राहुल गांधी झूठे आरोप कर रहे हैं। पालक मंत्री ने विरार दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि एनडीआरएफ की टीम मदद कार्य में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com