IRCTC का खास यूरोप टूर पैकेज, 12 रात 13 दिन में यूरोप के12 शहरों की सैर का मौका

IRCTC Western Region ने यात्रियों के लिए 12 रात और 13 दिन का विशेष यूरोप टूर पैकेज घोषित किया है। यह यात्रा 26 अप्रैल को मुंबई से शुरू होकर 8 मई को समाप्त होगी।
IRCTC Europe Package
आईआरसीटीसी यूरोप पैकेज (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

IRCTC Europe Tour Package From Mumbai: भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के पश्चिम क्षेत्र, मुंबई ने यात्रियों के लिए एक विशेष यूरोप यात्रा पैकेज की घोषणा की है।

यह अंतरराष्ट्रीय यात्रा 12 रात और 13 दिन की होगी, जिसमें यात्रियों को यूरोप के कई प्रमुख शहरों की सैर कराने की योजना बनाई गई है। यह टूर 26 अप्रैल को मुंबई से शुरू होगा और 8 मई को वापस लौटेगा।

इस विशेष यात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 70 से 80 यात्रियों के शामिल होने की संभावना है। इस टूर के संचालन और समन्वय की पूरी जिम्मेदारी आईआरसीटीसी के पश्चिम क्षेत्र कार्यालय द्वारा निभाई जाएगी। यात्रियों को यात्रा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

कई प्रसिद्ध शहरों का कराया जाएगा भ्रमण

इस टूर पैकेज के अंतर्गत यात्रियों को यूरोप के कई प्रसिद्ध शहरों की यात्रा कराई जाएगी। इनमें पेरिस, ब्रुसेल्स, एम्स्टर्डम, कोलोन, मैनहेम, ज्यूरिख, इंसब्रुक, वेनिस, पीसा, फ्लोरेंस, रोम और मिलान शामिल हैं। इन शहरों में मौजूद ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को यूरोप की विविध संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

ट्यूलिप गार्डन होगा खास आकर्षण

इस यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण नीदरलैंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध क्यूकेनहॉफ ट्यूलिप गार्डन का दौरा होगा। यहां विभिन्न रंगों और किस्मों के लाखों ट्यूलिप फूलों की खूबसूरती पर्यटकों को आकर्षित करती है और यह स्थान विश्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक माना जाता है।

यात्रियों के लिए कई सुविधाएं शामिल

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस पैकेज में आने-जाने की इकोनॉमी श्रेणी की हवाई यात्रा, तीन और चार सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, भारतीय और अन्य प्रकार का भोजन, स्थानीय परिवहन, मार्गदर्शक के साथ दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, प्रमुख आकर्षणों के प्रवेश शुल्क, वीजा सहायता, यात्रा बीमा और लागू वस्तु एवं सेवा कर शामिल किए गए हैं।

प्रतिस्पर्धी कीमत पर बेहतर सेवाएं

आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र के समूह महाप्रबंधक गौरव झा ने बताया कि निगम के अंतरराष्ट्रीय यात्रा पैकेज प्रतिस्पर्धी कीमतों पर बेहतर सेवाएं और भरोसेमंद आतिथ्य प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पैकेज यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक विदेशी यात्रा का अवसर उपलब्ध कराते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com