नागपुर न्यूज
MIDC Police Station Robbery: वाड़ी के चर्चित गैंगस्टर अजीत सातपुते ने शुक्रवार की रात एमआईडीसी थाना क्षेत्र में आतंक मचाया। सातपुते और उसकी गैंग ने एक बार में धावा बोला। बताया जाता है कि आरोपी हथियारों से लैस थे। गैंग ने पिस्तौल की नोक पर पहले तो बार मालिक को पीटा। बाद में जान से मारने की धमकी देकर शराब की बोतलें और गल्ला लूट लिया।
पहले तो पुलिस ने प्रकरण को हल्के में लिया, लेकिन जैसे ही सातपुते गैंग का रिकॉर्ड सामने आया टीमें काम पर लग गईं। सातपुते सहित कुछ अपराधियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है, लेकिन प्रकरण की जानकारी देने से पुलिस बचती रही। थानेदार ‘नॉट रिचेबल और थाने के फोन बंद है’।
बताया जाता है कि नागलवाड़ी-संगम रोड पर एक बार है। सातपुते के साथ बार के संचालक का विवाद चल रहा था। शुक्रवार की रात सातपुते अपने साथियों को लेकर बार में पहुंचा। काउंटर पर जाते ही सातपुते और उसके साथी ने बार मालिक के सामने पिस्तौलें रख दीं। उसके साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
इस घटना से बार में मौजूद अन्य लोगों में दहशत फैल गई। अन्य ग्राहकों ने वहां से निकल लेने में ही भलाई समझी। बार मालिक को जान से मारने की धमकी देकर सातपुते ने अपनी गैंग को पूरा बार लूट लेने को कहा। गल्ले से नकद उड़ाने के बाद गैंग ने बार में रखी शराब की बोतलें भी उठाकर अपनी गाड़ी में डाल ली।
जान का खतरा होने के कारण बार मालिक विरोध भी नहीं कर पाया। वैसे भी वह सातपुते की दहशत जानता था। आरोपियों के फरार होने के बाद मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। शनिवार को पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज किया। सातपुते सहित 3 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।
यह भी पढ़ें – चीन के बाद दुनिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट अब नागपुर में! सीएम फडणवीस ने सोलर इनगॉट प्लांट का किया भूमिपूजन
अजीत सातपुते पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 में सातपुते गैंग ने वर्चस्व की लड़ाई में अपराधी रोशन कांबले की हत्या की थी। इसके बाद भी विरोधी गैंग से उनका विवाद चलता रहा। इस मामले में सातपुते सहित 5 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
पैरोल पर बाहर आने के बाद से सातपुते फरार था। आश्चर्य की बात यह कि सजायाफ्ता मुजरिम फरार होते हुए भी अपनी गैंग के साथ डकैती की वारदात को अंजाम दे रहा है। पिस्तौल सहित धारदार हथियार लेकर शहर में घूम रहा है और नागपुर पुलिस को खबर नहीं मिलती। इस घटना से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।