धम्मचक्र प्रवर्तन दिन पर 2.50 लाख यात्री पहुंचे स्टेशन, बना रिकॉर्ड, क्राउड मैनेजमेंट रहा शानदार

Nagpur Railway Station: धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस पर नागपुर रेलवे स्टेशन में रिकॉर्ड लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इस साल नागपुर और अजनी रेलवे स्टेशन में 2.50 लाख अनुयायी उतरे।
Nagpur Railway Station: धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस पर नागपुर रेलवे स्टेशन में रिकॉर्ड लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इस साल नागपुर और अजनी रेलवे स्टेशन में 2.50 लाख अनुयायी उतरे।
नागपुर रेलवे स्टेशन (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Dhammachakra Pravartan Day: धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के अवसर पर नागपुर और अजनी स्टेशन पर भाविकों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंडल प्रबंधन ने बताया कि इस वर्ष लगभग 2.50 लाख से अधिक अनुयायी विभिन्न विशेष एवं नियमित ट्रेनों से नागपुर और अजनी स्टेशन पर उतरे और रवाना हुए।

सामान्य दिनों में यहां औसतन 70,000 यात्रियों का आवागमन होता है लेकिन इस बार यह संख्या 3 गुना से अधिक रही। बढ़े हुए दबाव को देखते हुए मध्य रेलवे नागपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक एवं विशेष इंतजाम किए।

MUTS ने आसान की बुकिंग

सबसे पहले यात्रियों के ठहराव और व्यवस्था को देखते हुए 3 विशाल होल्डिंग एरिया बनाए गए। इनमें 2 नागपुर स्टेशन पर और एक अजनी पर रहा। इनमें पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, पंखे, रोशनी और टिकटिंग के लिए एमयूटीएस काउंटर भी लगाए गए। प्रत्येक एरिया में लगभग 4,000 भाविक एक साथ ठहर सकते थे। भीड़ प्रबंधन के लिए 150 वाणिज्यिक कर्मचारियों और 140 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को नागपुर व अजनी स्टेशन पर तैनात किया गया।

कंट्रोल रूम में एक्टिव रहा वार रूम

वहीं रेलवे नियंत्रण कार्यालय में एक विशेष वार रूम स्थापित किया गया, जिसमें नागपुर और अजनी स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड और हॉटलाइन फोन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसकी निगरानी के लिए चौबीसों घंटे अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। भाविकों की सेहत को देखते हुए नागपुर पूर्व, नागपुर पश्चिम और अजनी स्टेशन पर चिकित्सा बूथ एवं एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और अतिरिक्त एंबुलेंस भी दोनों स्टेशनों पर तैनात रखी गईं।

FOB पर विशेष निगरानी

यात्रियों को जानकारी देने के लिए नागपुर स्टेशन पर 50 से अधिक स्थानों पर बैनर लगाए गए जिन पर 13 विशेष ट्रेनों के समय सारणी अंकित की गई थी। ऐसे बैनर दीक्षाभूमि परिसर में भी लगाए गए। साथ ही यात्रियों को बार-बार प्री-रिकॉर्डेड उद्घोषणाओं के माध्यम से जानकारी दी जाती रही।

भाविकों की सहायता के लिए नागपुर और अजनी स्टेशन पर कुल 3 ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ भी स्थापित किए गए। स्टेशनों के फुटओवर ब्रिज पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि भीड़ के कारण अनावश्यक दबाव या हादसा न हो। सुरक्षा की दृष्टि से अजनी और नागपुर के बीच 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार और ‘फ्री व्हिसलिंग’ का कॉशन ऑर्डर जारी किया गया।

24 स्पेशल ट्रेनों से आये हजारों यात्री

सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि यात्रियों की आवाजाही के लिए रेलवे ने 24 अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया। इन ट्रेनों के साथ ही नागपुर से 13 विशेष ट्रेनों को भी चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग ने बताया कि धम्म चक्र परिवर्तन दिवस नागपुर का सबसे बड़ा उत्सव है जहां लाखों भाविक यहां आते हैं।

नागपुर और अजनी स्टेशनों में जारी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत निर्माण कार्य देखते हुए यह वर्ष हमारे लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण था। हालांकि अपने यात्रियों को सर्वोत्तम संभव सेवाएं प्रदान करने की भावना के साथ रेलवे ने आगंतुकों की सुविधा और उनकी यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए अनुकरणीय व्यवस्था की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com