

Budget Session 2026: देश का आम बजट हर साल 1 फरवरी को पेश होता है। इस बार बजट की तारीख को लेकर कन्फ्यूजन है। वजह है कि 1 फरवरी 2026 रविवार को पड़ रहा। इस दिन गुरु रविदास जयंती के चलते गजेटेड हॉलिडे भी है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि क्या इस बार भी बजट 1 फरवरी को पेश होगा या छुट्टी के चलते 9 साल पुरानी परंपरा बदल जाएगी?
बहरहाल, आज इसका जवाब सबको मिल जाएगा। आज इस मामले में कैबिनेट कमेटी ऑन पार्लियामेंट्री अफेयर्स (CCPA) की बैठक है। इसमें बजट की तारीख पर फैसला होने की उम्मीद है।
कैबिनेट कमेटी ऑन पार्लियामेंट्री अफेयर्स (CCPA) की बैठक में बजट की तारीख पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। CCPA की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करते हैं। सूत्रों के मुताबिक सरकार 1 फरवरी को बजट पेश करने की परंपरा को तोड़ना नहीं चाहती। CCPA का झुकाव भी 1 फरवरी के पक्ष में बताया जा रहा है। ये भी चर्चा है कि इस बार बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू हो सकता है, लेकिन बजट की तारीख को लेकर अंतिम मुहर CCPA की बैठक में ही लगेगी।
2017 से अब तक हर साल बजट 1 फरवरी की सुबह 11 बजे पेश किया जा रहा है। इस परंपरा की शुरुआत तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने की थी। 2025 में भी 1 फरवरी शनिवार को था। उस दिन अंतरिम बजट पेश किया गया था। इससे पहले भी शनिवार को बजट पेश हो चुका है। मगर, 2017 के बाद यह पहला मौका है, जब 1 फरवरी रविवार को पड़ रही है।
पहला मौका नहीं होगा, जब बजट रविवार को पेश किया जाए। 28 फरवरी 1999 को तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने रविवार को बजट पेश किया था। खास बात रही कि उसी बजट के साथ उन्होंने शाम 5 बजे की जगह सुबह 11 बजे बजट पेश करने की परंपरा शुरू की थी। यह परंपरा अब तक जारी है।