राम नवमी पर शोभायात्रा (सौजन्य-नवभारत)
Poddarheshwar Ram Mandir Nagpur: नागपुर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर 26 मार्च को शाम 4:30 बजे सेंट्रल एवेन्यू स्थित पोद्दारेश्वर राम मंदिर से भव्य श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा निकाली जाएगी।
मंदिर के ट्रस्टी पुनीत पोद्दार ने पत्र परिषद में इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की उत्सव मूर्तियों का पूजन व आरती शाम 4 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महापौर नीता ठाकरे, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित सहित शहर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में होगी। इसके बाद शोभायात्रा में कलश धारण की हुई महिलाएं, सांस्कृतिक लोकनृत्य, आदिवासी नृत्य, गरबा, झंडा नृत्य तथा इस्कॉन के भजन मंडल की प्रस्तुति रहेगी।
इस वर्ष शोभायात्रा में कुल 60 पौराणिक झांकियां शामिल होंगी। जिनमें विभिन्न मंदिरों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रायोजित झांकिया आकर्षण का केंद्र होंगी। इनमें महाकाल दर्शन, ब्रज की होली, रंगनाथ स्वामी दर्शन, द्वारकाधीश दर्शन, इंडोनेशिया के स्टैच्यू ऑफ बाली, राधा-कृष्ण विवाह, नरसिंह अवतार, खाटू श्याम दर्शन, हनुमान-रावण युद्ध, राम दरबार, रणवंडी माता, विष्णु अवतार, चौरागढ़ दर्शन, साई बाबा समाधि, काशी विश्वनाथ, सोमनाथ और रामेश्वर जैसे दर्शनीय झांकियां शामिल होंगी।
इस वर्ष पहली बार किन्नर अखाड़े की झांकी भी शामिल होगी। शोभायात्रा की शुरुआत में श्रीरामसेवक मंडल द्वारा ‘शास्त्र और शस्त्र दर्शन’ दर्शाने वाली विशेष श्रीराम झांकी भी रहेगी।
पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्वागत द्वार, महिला सुरक्षा कक्ष और पौराणिक सजावट की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए ठंडा पानी, शरबत, मसाला चना, तरी पोहा, पंजिरी प्रसाद, लस्सी, छाछ, आइसक्रीम और कुल्फी का वितरण भी किया जाएगा। विशेष रूप से पूरे मार्ग में लाउडस्पीकर के माध्यम से शोभायात्रा का सीधा प्रसारण किया जायेगा। साथ ही शहर के केबल नेटवर्क पर शोभायात्रा का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें – नागपुर स्टील जगत में ‘भूचाल’! सनविजय ग्रुप पर आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, 8 ठिकानों पर जांच जारी
राम नवमी के अवसर पर गुरुवार को पोद्दारेश्वर राम मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी ने यह जानकारी दी। राम नवमी पर शोभायात्रा मेयो हॉस्पिटल चौक, भगवाघर चौक, गांजाखेत चौक, पुराना भंडारा रोड, शहीद चौक, सराफा बाजार, गांधी पुतला चौक, बड़कस चौक, महल चौक, गांधी गेट, शिवाजी चौक, तिलक पुतला, सुभाष रोड, आज्ञाराम देवी चौक, कॉटन मार्केट चौक, लोहा पुल, शनि मंदिर, आनंद टॉकीज चौक, मुंजे चौक, झांसी रानी चौक, वैरायटी चौक, सीताबर्डी मेन रोड, मानस चौक, गणेश टेकड़ी मंदिर, जयस्तंभ चौक से रामझूला होते हुए पोद्दारेश्वर राम मंदिर पर समाप्त होगी।
शोभायात्रा के मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के लिए विभिन्न चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने जाम की स्थिति से बचने के लिए नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित मार्गों से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें।