सीएम फडणवीस ने किया भांडेवाड़ी थाने का उद्घाटन; जानें नए थाने में क्या है खास और किन इलाकों को होगा फायदा

Bhandewadi Police Station Nagpur: नागपुर में सीएम फडणवीस ने किया नए भांडेवाड़ी थाने का उद्घाटन। पारडी और वाठोड़ा का हुआ विभाजन। पूर्वी नागपुर के दर्जनों इलाकों को मिलेगी बेहतर सुरक्षा।
CM Devendra Fadnavis inaugurates the new Bhandewadi Police Station in Nagpur. Carved out of Pardi and Wathoda, it aims to enhance safety in East Nagpur.
भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन का उद्घाटन (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

CM Devendra Fadnavis Nagpur Visit: नागपुर शहर की बढ़ती आबादी, बाहरी इलाकों में तेजी से हो रहे शहरीकरण और कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भांडेवाड़ी में नये पुलिस स्टेशन का शुभारंभ किया गया। थाने के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस विभाग से लोकाभिमुख कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान विधायक कृष्णा खोपड़े, सीपी रवींद्रकुमार सिंगल, ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी, डीआईजी वसंत परदेशी, शिवाजी राठौड़, राजेंद्र दाभाड़े और डीसीपी निकेतन कदम सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। फडणवीस ने कहा कि भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।

भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन की विशेषताएं

इससे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस नये पुलिस थाने में अत्याधुनिक सुविधाएं, उन्नत तकनीकी उपकरण और नागरिकों के अनुकूल सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया समय भी बेहतर होगा।

सीपी सिंगल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का स्वागत करते हुए भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम में मनपा सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर, भाजपा दिव्यांग आघाड़ी के अमोल वालके, नगरसेवक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इन क्षेत्रों में थाने का निर्माण

पारडी और वाठोड़ा थाना क्षेत्र का विभाजन करके नये भांडेवाड़ी पुलिस थाने का निर्माण किया गया है। थाने की सीमा में सोनबानगर, प्रजापतिनगर, चंद्रनगर, गोंडपुरा, कोष्टीपुरा, सराई मोहल्ला, महाजनपुरा, ठवकरवाड़ी, नागेश्वरनगर, अंबेनगर, उड़िया मोहल्ला, मोहनगर, शैलेशनगर, देवीनगर, संघर्षनगर, सूरजनगर, पवनशक्तिनगर, श्रावणनगर, राजनगर, वाठोड़ा रिंग रोड, वैष्णवदेवीनगर, चांदमारी रोड, साहिलनगर, अबूमियानगर, तुलसीनगर, बिडगांव, तरोड़ी बुजुर्ग आदि इलाके आएंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com