नवी मुंबई में मनपा ने दिवाली के बाद उठाया 31 टन कचरा
नवी मुंबई : दिवाली के दिन बड़ी संख्या में पटाखे फोड़ने की वजह से सामान्य दिनों की तुलना में सड़कों पर कूड़ा-कचरा अधिक बढ़ जाता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे के मार्गदर्शन में मनपा के दोनों परिमंडल के तहत आने वाले क्षेत्रों में 1 नवंबर को रात 11 बजे से 2 नवंबर की सुबह 4 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसके तहत 10 टन 500 किलो गीला और 20 टन 600 किलो सूखा कचरा उठाया गया।
इस कचरे में विशेष रूप से पटाखे, कागज, कार्ड बोर्ड और कपड़े एकत्र किए गए। इस तरह एकत्रित किए गए 31 टन 100 किलो कचरे को वाहनों की मदद से मनपा के तुर्भे स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना स्थल पर पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें-महाराष्ट्र चुनाव : कल नाम वापस लेने की अंतिम तारीख, कई सीटों का सस्पेंस होगा खत्म
इस विशेष सफाई अभियान के लिए मनपा के 400 से अधिक सफाई कर्मियों एवं पर्यवेक्षकों को विशेष रूप से नियुक्त किया गया था। इस अभियान के तहत जमा किए गए कचरे को 12 कचरा कॉम्पैक्टर और 15 मिनी टिपर वाहनों के माध्यम से तुर्भे स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना स्थल पर पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें-महाराष्ट्र चुनाव: BJP ने एक और बागी काे मनाया, उदगीर सीट से विश्वजीत गायकवाड़ ने वापस लिया नामांकन
आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे के मार्गदर्शन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग ने रात 12 बजे से लेकर सुबह तक यह अभियान चलाया और शहर को साफ किया। इस दौरान सुबह-सुबह साफ सुथरी सड़के देखकर यहां के लोग भी हैरान रह गए। सफाई अभियान की सुबह मॉर्निंग वॉक पर आए नागरिकों ने इस कार्य के लिए मनपा की जमकर सराहना की। गौरतलब है कि दिवाली से पहले स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और प्लास्टिक मुक्त दिवाली मनाने की अपील मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे द्वारा की गई थी। साथ ही दिवाली के बाद सड़कों पर फैलने वाले कचरे की सफाई के लिए मनपा के संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इस सफाई अभियान की सराहना नवी मुंबई के नागरिकों के साथ-साथ पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे द्वारा भी की गई।