Navi Mumbai Adarsh Mhatre Case (डिजाइन फोटो)
Maharashtra Women Exploitation News: महाराष्ट्र के नासिक में ‘भोंदू बाबा’ अशोक खरात मामले की गूँज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि नवी मुंबई से एक और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। ठगी और यौन शोषण के इस नए कांड ने पूरे राज्य में दहशत और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। आदर्श म्हात्रे (35) नामक एक शातिर जालसाज ने खुद को कभी ‘इसरो’ (ISRO) का वैज्ञानिक तो कभी IPS और IAS अधिकारी बताकर करीब 40 महिलाओं को अपनी हवस और लालच का शिकार बनाया है।
आरोपी के काम करने का तरीका इतना सुनियोजित था कि अच्छी-खासी पढ़ी-लिखी महिलाएं भी उसके झांसे में आ गईं। पुलिस की गिरफ्त में आए इस ‘सीरियल ठग’ के कारनामे सुनकर हर कोई दंग है।
आदर्श म्हात्रे का निशाना मुख्य रूप से वे महिलाएं थीं जो तलाकशुदा, विधवा या अविवाहित थीं और आर्थिक रूप से स्वतंत्र थीं। वह वैवाहिक वेबसाइट (Matrimonial Sites) पर ऐसी महिलाओं की तलाश करता था जिनकी सालाना आय 25 से 35 लाख रुपये के बीच हो। अपना प्रभाव जमाने के लिए वह लग्जरी कारों में घूमता था और महिलाओं से मुलाकात के लिए हमेशा ‘फाइव स्टार’ होटलों का चयन करता था। खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताकर वह पहले महिलाओं का विश्वास जीतता और फिर प्रेम जाल में फंसाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।
ये भी पढ़ें- अशोक खरात केस में नीलम गोरहे का नाम, तृप्ति देसाई का बड़ा दावा- ‘होटल में भविष्य जानने गई थीं उपसभापति’
जब महिला पूरी तरह आदर्श के प्रभाव में आ जाती, तो वह इमोशनल ड्रामा शुरू करता था। वह अलग-अलग बहानों से महिलाओं को मजबूर करता कि वे अपने नाम पर 35 से 40 लाख रुपये का बैंक लोन लें। एक बार लोन की राशि हाथ में आते ही वह उसे अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर देता और खुद गोवा जैसे पर्यटन स्थलों पर ऐश-मौज करने निकल जाता। काम पूरा होते ही वह अपना मोबाइल नंबर बंद कर देता और उस महिला से सारे संपर्क तोड़ लेता था। अब तक करीब 40 महिलाओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जबकि बदनामी के डर से 50 से अधिक महिलाएं सामने नहीं आ रही हैं।
नवी मुंबई पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी केवल नवी मुंबई ही नहीं, बल्कि ठाणे, पुणे, नागपुर, नांदेड़, नासिक और पड़ोसी राज्य कर्नाटक तक सक्रिय था। वह स्वप्निल वारुल, हेमंत गायकेर और रुद्रेश गोंधली जैसे कई फर्जी नामों से अपनी प्रोफाइल चलाता था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों को सख्त चेतावनी दी है कि वैवाहिक साइटों पर मिले किसी भी व्यक्ति की पृष्ठभूमि की गहन जांच किए बिना कोई भी वित्तीय लेनदेन या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।