पश्चिम रेलवे में नौकरी का मौका, मुंबई-सूरत रूट पर 175 ATVM फैसिलिटेटर्स की भर्ती, 10वीं पास कर सकते हैं आवेदन

Western Railway Jobs: पश्चिम रेलवे ने मुंबई से सूरत के बीच 175 ATVM फैसिलिटेटर्स की भर्ती निकाली है। 10वीं पास युवा 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर 2 साल के अनुबंध और कमीशन पर नौकरी पा सकते हैं।
Western Railway is recruiting 175 ATVM facilitators between Mumbai and Surat. 10th pass candidates can apply for this 2-year contract job based on a commission model.
पश्चिम रेलवे (सोर्सः प्रतिकात्मक फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Western Railway Jobs ATVM Facilitator Recruitment: पश्चिम रेलवे ने टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने और यात्रियों को तेज़ व आसान टिकट सेवा उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने मुंबई से सूरत के बीच विभिन्न स्टेशनों पर 175 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) फैसिलिटेटर नियुक्त करने का निर्णय लिया है।

यह नियुक्तियां दो वर्ष के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जाएंगी। रेलवे के अनुसार, चयन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को टिकट बिक्री के आधार पर कमीशन भी दिया जाएगा।

इन स्टेशनों पर सबसे अधिक रिक्तियां

भर्ती के तहत सबसे अधिक 14-14 पद बांद्रा और अंधेरी रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा सांताक्रूज में 12, जोगेश्वरी में 9, जबकि मुंबई सेंट्रल, गोरेगांव, मलाड और बोरीवली में 8-8 रिक्तियां हैं। माहिम, ग्रांट रोड, विले पार्ले सहित अन्य स्टेशनों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही उम्मीदवार का संबंधित रेलवे स्टेशन वाले जिले का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयन से पहले पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। यह अवसर आम नागरिकों के अलावा सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों, उनके पति-पत्नी और वयस्क बच्चों के लिए भी उपलब्ध रहेगा।

सुरक्षा जमा राशि का प्रावधान

चयनित उम्मीदवारों को सुरक्षा जमा राशि भी जमा करनी होगी। मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, सूरत और वापी स्टेशनों के लिए 50,000 रुपये, जबकि अन्य सभी स्टेशनों के लिए 25,000 रुपये सुरक्षा जमा के रूप में देने होंगे। हालांकि, सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों को इस सुरक्षा जमा राशि से पूरी तरह छूट प्रदान की गई है।

टिकट बिक्री पर मिलेगा कमीशन

चयनित ATVM फैसिलिटेटर पश्चिम रेलवे स्टेशन पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से अनारक्षित टिकट जारी करेंगे और यात्रियों को मशीन के उपयोग में सहायता देंगे। रेलवे की ओर से उन्हें उपनगरीय (सबअर्बन) टिकटों की बिक्री पर 3 प्रतिशत तथा गैर-उपनगरीय मेल एवं एक्सप्रेस टिकटों की बिक्री पर 1 प्रतिशत कमीशन दिया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा मिलेगी, काउंटरों पर भीड़ कम होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार का नया अवसर भी उपलब्ध होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com