भांडुप में मानसून से पहले सड़कों पर जलभराव, कहीं पाइप टूटी तो कहीं नालियां बन रही मार्ग में बाधा

Bhandup road 16 (2)
Published on: 
Updated on: 

-अंकित जायसवाल

भांडुप: अगर आप एलबीएस रोड (LBS Road) से भांडुप स्टेशन रोड ( Bhandup Station Road) की तरफ जा रहे हैं तो जरा सावधानी से यात्रा करिए क्योंकि आपको इस मार्ग पर टूटी सड़कें, बजबजाती नालियां और तो और सड़कों पर बहती नालियों का पानी आपके मार्ग में बाधक बनेंगे। स्टेशन रोड के एफओबी (FOB) के समीप एक जगह तो पानी की पाइपलाइन (Pipeline) भी विगत चार दिनों से फूटी है, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहा। 

सुबह-सुबह ऑफिस, स्कूल के लिए जब लोग निकलते हैं तो वह सड़क को बड़ी सावधानी से पार कर रहे हैं, क्योंकि यह सड़क बारिश के दिनों की याद दिला रही हैं। लोगों को डर लगा रहता है कि इस मार्ग पर हुए जलजमाव से होकर गुजरते वाहनों के गंदे पानी के छींटें कहीं उनके कपड़े न खराब कर दें।

Bhandup news

 सड़क पर जमा हो रहा नाले का पानी

बताते हैं कि एलबीएस रोड पर इन दिनों मेट्रो का काम चल रहा है, जिसके चलते लोगों को जाम का सामना करना पड़ता हैं। इन सबके इतर भांडुप स्टेशन रोड के समीप कुछ दिनों से सुबह के समय सड़कों पर नाले का पानी जमा हो रहा है, जिसकी वजह से इस मार्ग से आने-जाने वाले लोग बहुत ही बच-बचाकर अपने-अपने गंतव्यों को जा रहे हैं। इस मार्ग पर पैदल चलना बहुत ही मुश्किल हो गया है। लोगों को अब ऐसा लगने लगा है मानो मानसून की झमाझम बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया हो। वहीं इस स्टेशन रोड पर कुकरेजा काम्प्लेक्स के सामने एक पाइपलाइन फूटी हुई है, जिस वजह से सड़क पर पानी बह रहा है। थोड़ी दूर पर ही एलबीएस रोड पर सड़क टूटी हुई हैं और महीनों से वहां पर कूड़ा जमा हुआ है, जिसके चलते नाली का पानी जमा हो रहा हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com