Mumbai:धोखाधड़ी केस में फिल्ममेकर विक्रम भट्ट मुंबई से गिरफ्तार, राजस्थान पुलिस ने पकड़ा

Mumbai News: फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट को 30 करोड़ की कथित धोखाधड़ी के मामले में मुंबई से गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें फिल्म प्रोजेक्ट में बड़े मुनाफे का झांसा दिया गया था।
Vikram Bhatt
विक्रम भट्ट (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Mumbai News In Hindi: फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट को राजस्थान पुलिस और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने 30 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें मुंबई के यारी रोड इलाके में स्थित उनकी साली के घर से हिरासत में लिया गया।

निवेश पर भारी मुनाफे का वादा

विक्रम भट्ट ने पहले सार्वजनिक रूप से आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया था कि पूरी शिकायत भ्रामक है और पुलिस को गुमराह किया गया है। हालांकि, उदयपुर के भूपालपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में शिकायतकर्ता डॉ. मुर्डिया ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, भट्ट और उनकी टीम ने डॉक्टर को एक प्रस्तावित फिल्म प्रोजेक्ट में 30 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि उन्हें भरोसा दिलाया गया कि यह फिल्म 200 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट डॉ. मुर्डिया की दिवंगत पत्नी को समर्पित जीवनी आधारित फिल्म के रूप में तैयार किया जाना था।

एफआईआर में बताया गया है कि फिल्म के नाम पर बड़े मुनाफे का लालच दिया गया, लेकिन प्रोजेक्ट पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। निवेश को लेकर स्पष्ट जानकारी न मिलने और प्रोजेक्ट ठप होने के चलते डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामला सामने आने के बाद राजस्थान पुलिस ने जांच शुरू की और फिर मुंबई पुलिस से सहयोग लेते हुए निर्देशक को गिरफ्तार किया। पुलिस अब निवेश से संबंधित सभी दस्तावेजों और प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी

Navbharat Live
navbharatlive.com