1993 मुंबई ब्लास्ट: टाइगर मेमन की 17 संपत्तियों की होगी नीलामी; साजिश रचने वाला फ्लैट भी शामिल

1993 मुंबई बम धमाकों के आरोपी टाइगर मेमन और परिवार की 17 संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा। इसमें माहिम के वे तीन फ्लैट शामिल हैं, जहां विस्फोटों की साजिश रचने के लिए एक बैठक हुई थी।
Tiger Memon
टाइगर मेमन (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tiger Memon Property Auction: मुंबई में 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट के आरोपी टाइगर मेमन और उसके परिवार की संपत्तियों की जल्द ही नीलामी की जाएगी। एसएएफईएमए को यहां विशेष टाडा अदालत से टाइगर मेमन और उसके परिवार के सदस्यों की 17 संपत्तियों का विवरण मिला है। इन संपत्तियों में से, एसएएफईएमए ने 8 संपत्तियों का कब्जा ले लिया है।

8 जब्त संपत्तियों में अल हुसैनी बिल्डिंग के तीन फ्लैट शामिल हैं, जो मुंबई के माहिम इलाके में स्थित हैं। इन फ्लैटों में टाइगर मेमन, उसके पांच भाई और उनकी मां रहती थी।

साजिश का केंद्र रहे फ्लैट

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के अनुसार, धमाकों से जुड़ी साजिश की एक बैठक मेमन परिवार के अल हुसैनी बिल्डिंग के फ्लैट में की गई थी। मेमन परिवार के पास पांचवीं और छठी मंजिल पर ये तीन फ्लैट थे। विस्फोटों में भूमिका सामने आने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने इन फ्लैटों को 34 साल पहले जब्त कर लिया था और इन्हें अप्रैल में खोला गया था।

कब होगी नीलामी?

केंद्र सरकार के अधिकारी 8 जब्त संपत्तियों का मूल्यांकन करा रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं जल्द पूरी होने की उम्मीद है और उनकी नीलामी प्रक्रिया दिसंबर या जनवरी में शुरू हो सकती है। परिवार की चार अन्य संपत्तियों पर मुकदमे चल रहे हैं, जबकि पांच संपत्तियों पर कब्जा लेने की प्रक्रिया जारी है।

अन्य प्रमुख संपत्तियां

मेमन परिवार की अन्य संपत्तियों में उपनगर वाकोला के कोले कल्याण क्षेत्र में 10,000 वर्ग मीटर का एक भूखंड शामिल है। इस भूखंड की कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये है। हालांकि, इस भूमि पर अतिक्रमण हुआ है, जिसके कारण एसएएफईएमए को इस जमीन पर अभी कब्जा नहीं मिला है।

प्राधिकारी मुम्बई के दक्षिण भाग के प्रमुख इलाके जैवेरी बाजार में एक अन्य संपत्ति पर कब्जा लेने की प्रक्रिया में हैं। बांद्रा में एक फ्लैट और कुर्ला के कपाड़िया नगर में दो फ्लैटों का कब्जा एसएएफईएमए को मिलने के बाद उनकी भी नीलामी की जाएगी।

इसके अलावा, दक्षिण मुंबई के मनीष मार्केट में टाइगर मेमन और मोहम्मद डोसा की संयुक्त स्वामित्व वाली चार दुकानें हैं। इन्हें एसएएफईएमए को सौंपने के टाडा अदालत के आदेश के खिलाफ अपील अदालत में मामला लंबित है।

1993 से फरार है टाइगर मेमन

टाइगर मेमन 12 मार्च 1993 को किए गए विस्फोट के बाद से फरार है। माना जाता है कि वह पाकिस्तान में है। मुंबई के 12 स्थानों पर हुए धमाकों में कम से कम 257 लोग मारे गए थे।

साजिश में भूमिका के लिए टाइगर मेमन के एक भाई याकूब मेमन को 2015 में फांसी दी गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को विशेष आतंकवादी और विध्वंसक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (टाडा) अदालत ने अलग अलग अवधि की जेल की सजा सुनाई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com