मुंबई में अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा पवार ने बुलाई मुस्लिम विधायकों की बैठक, रईस शेख ने रखीं 12 मांगें
Mumbai Sunetra Pawar: अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा पवार ने मुस्लिम विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। इसमें विभाग के रिक्त पदों, उर्दू हाउस और विधायक रईस शेख की 12 मांगों पर चर्चा होगी।
- Written By: रूपम सिंह
विकास मंत्री सुनेत्रा पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Minority Development Muslim MLAs Meeting Sunetra Pawar: राज्य के अल्पसंख्यक विकास विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों और योजनाओं की समीक्षा के लिए उपमुख्यमंत्री तथा अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा पवार ने सोमवार को मुस्लिम विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। अल्पसंख्यक विकास विभाग का कार्यभार संभालने के बाद मुस्लिम जनप्रतिनिधियों के साथ उनकी यह पहली औपचारिक बैठक होगी, जिससे विभाग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
विभाग में रिक्त पदों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में अल्पसंख्यक विकास विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने के मुद्दे पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। जनप्रतिनिधियों का मानना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण विभाग की कई योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा विभागीय कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श होगा।
मार्टी संस्था के कामकाज की होगी समीक्षा
बैठक के एजेंडे में महाराष्ट्र रिसर्च, ट्रेनिंग एंड इंस्टीट्यूट (मार्टी) संस्था के कामकाज को गति देने का विषय भी शामिल है। संस्था के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न शैक्षणिक एवं कौशल विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। विधायकों की ओर से संस्था के विस्तार और कार्यक्षमता बढ़ाने संबंधी सुझाव भी रखे जा सकते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
भारत की पहली 250 टन डीजल-इलेक्ट्रिक हाइब्रिड ऑल-टेरेन क्रेन लॉन्च, प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम
ठाणे स्टेशन की कैंटीन में यात्रियों की सेहत से खिलवाड़! सांसद नरेश म्हस्के ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
भागवत साहब क्या यही है आपका हिंदू राष्ट्र? संघ के गढ़ में उद्धव ठाकरे की ललकार, पूछे तीखे सवाल
महाराष्ट्र में हर साल होगा एग्री हैकथॉन, विजेताओं को अजित पवार के नाम पर मिलेंगे 25 लाख तक के इनाम
इदरीस नायकवड़ी के इस्तीफे पर भी चर्चा संभव
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के विधान परिषद सदस्य इदरीस नायकवड़ी के इस्तीफे से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर भी बैठक में चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इसे लेकर आधिकारिक रूप से कोई एजेंडा घोषित नहीं किया गया है, फिर भी मुस्लिम प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों के संदर्भ में यह विषय उठ सकता है।
यह भी पढे़ं:- कोंकण रेलवे मार्ग पर 15 जून से विशेष मानसून टाइम टेबल लागू, वंदे भारत सहित 40 ट्रेनों के समय में बदलाव
भिवंडी के उर्दू हाउस प्रस्ताव समेत 12 मांगें
इस बीच, भिवंडी पूर्व से समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पत्र लिखकर 12 मांगें प्रस्तुत की हैं। इनमें भिवंडी में उर्दू हाउस की स्थापना, अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों को सहायता, छात्रवृत्ति योजनाओं के विस्तार तथा विभागीय प्रशासन को मजबूत बनाने जैसे मुद्दे शामिल हैं। माना जा रहा है कि बैठक में इन मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
अल्पसंख्यक समाज से जुड़े जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि इस बैठक के माध्यम से विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार और लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
