उद्धव ठाकरे के बाद शरद पवार की बारी! 5 सांसद NDA के संपर्क में, महाराष्ट्र में बढ़ी सियासी हलचल
NCP SP Split: शिवसेना (यूबीटी) और तृणमूल कांग्रेस में मचे घमासान के बाद अब शरद पवार की एनसीपी (एसपी) में बड़ी बगावत की अटकलें हैं, जहां 5 लोकसभा सांसद एनडीए का दामन थाम सकते हैं।
- Written By: आकाश मसने
शरद पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Sharad Pawar Faction Split: महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर भारी उथल-पुथल के संकेत मिल रहे हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमुल कांग्रेस और महाराष्ट्र शिवसेना (यूबीटी) के भीतर चल रही सियासी उठापटक के बीच अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के खेमे से बड़ी खबर आ रही है। शरद पवार गुट के 8 में 5 सांसद भाजपा और एनडीए के संपर्क होने की जानकारी सामने आई है।
सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं की माने तो दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के कुल 8 लोकसभा सांसदों में से 5 सदस्य भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में शामिल होने का मन बना रहे हैं। हालांकि, इस संभावित टूट को लेकर अभी तक शरद पवार की पार्टी या संबंधित सांसदों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो पर्दे के पीछे बातचीत अंतिम दौर में है।
सुनेत्रा पवार और अमित शाह की मुलाकात ने दी हवा
शरद पवार की पार्टी में बगावत की इन चर्चाओं को उस समय और अधिक बल मिला, जब हाल ही में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक गोपनीय बैठक की खबरें सुर्खियां बनीं। हालांकि इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के एजेंडे को लेकर दोनों ही पक्षों की ओर से पूरी तरह गोपनीयता बरती जा रही है और कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन महाराष्ट्र की राजनीति के जानकारों के लिए यह समझने के लिए काफी है कि राज्य में किसी बड़े सियासी ड्रामे की स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक सिंहस्थ कुंभ: पुलिस का व्यवहार सम्मानजनक होना चाहिए, पुलिस आयुक्त ने 107 नए जवानों को दिए कड़े निर्देश
OLX पर ट्रायल के बहाने बाइक चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 4 बाइक बरामद
काटकुंभ डोह में नहाना पड़ा भारी, मेलघाट में तालाब में डूबने से युवक की मौत, काटकुंभ डोह में हुआ हादसा
भीषण गर्मी में ‘हुडी’ पहनने की गलती… और बेनकाब हो गई कातिल मंगेतर! केतन अग्रवाल हत्याकांड का ऐसे खुला राज
24 जून को होगी एमवीए की बैठक
शरद पवार ने 19 जून को अपनी पार्टी के नेताओं की एक जरूरी बैठक बुलाई थी। इसका मकसद अपने संसदीय गुट को एकजुट रखना और पार्टी में टूट की कोशिशों से बचाना था। इसी बीच अब 24 जून को मुंबई में विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) के विधायकों की आम बैठक होनी है। इसमें कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल है। माना जा रहा है कि इस बैठक में संभावित दल-बदल की आशंकाओं पर चर्चा होगी और विपक्षी दल संयुक्त रणनीति तैयार करेंगे।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र MLC चुनाव रिजल्ट: महायुति ने 17 में से 16 सीटों पर किया कब्जा! नासिक में BJP के बागी ने बिगाड़ा खेल
उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसदों ने बदला पाला
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर चर्चा में रहा। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसद पाला बदलकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में आ गए। ठाकरे गुट के पास कुल 9 लोकसभा सांसद थे। इस बगावत के बाद अब केवल 3 सांसद रह गए हैं। इस टूट के बाद से महाराष्ट्र में विपक्षी खेमे में हड़कंप मचा हुआ है।
