'घाटकोपर में छिपा था हत्यारा', सांताक्रुज में बोरे में मिले शव मामले में पुलिस के हाथ लगी बड़ी कमयाबी

Santacruz Bag Body Case: सांताक्रूज पुलिस ने 12 घंटों में सुलझाई हत्या की गुत्थी। जुहू चौपाटी पर बोरे में मिले शव मामले में घाटकोपर से आरोपी वाहिद अली गिरफ्तार।
Santacruz Bag Body Case
Santacruz Bag Body Case प्रतीकात्मक तस्वीर (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Juhu Chowpatty Murder Arrest: मुंबई पुलिस ने सांताक्रूज के जुहू चौपाटी इलाके में मिली एक लावारिस बोरी के रहस्य से पर्दा उठा दिया है। महज 12 घंटों के भीतर, पुलिस ने न केवल सड़े-गले शव की शिनाख्त की, बल्कि हत्यारे को घाटकोपर से दबोच लिया। यह मामला एक 'ब्लाइंड मर्डर' था, जिसमें हत्यारे ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान एक गारमेंट व्यवसायी के रूप में हुई है, जिसने आपसी विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

घटना की शुरुआत 9 फरवरी 2026 को हुई, जब गश्त के दौरान पुलिस को जेटी के पास से बदबू आने वाली एक संदिग्ध बोरी मिली।

बोरे में बंद लाश और सनसनी

सांताक्रूज पुलिस के जवान अशोक लक्ष्मण गोजरे को जुहू चौपाटी के लैंडिंग पॉइंट पर जेटी के पास एक प्लास्टिक की बोरी मिली। बोरी खोलने पर पुलिस के होश उड़ गए; अंदर एक पुरुष का क्षत-विक्षत शव था। शव की हालत देखकर यह स्पष्ट था कि हत्या कई दिन पहले की गई थी और लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसे वहां फेंका गया था। पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीमें गठित कीं।

शव की शिनाख्त और हत्यारे का सुराग

सड़े हुए शव की पहचान करना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। हालांकि, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान 40 वर्षीय अशोक हरिलाल गौड़ के रूप में की। मृतक की कॉल डिटेल्स और अंतिम लोकेशन खंगालने पर पुलिस का शक घाटकोपर पश्चिम के एक गारमेंट व्यवसायी वाहिद अली मोहम्मद इसराइल शेख उर्फ 'मिट्टू' (30 वर्ष) पर गहराया। पुलिस ने जाल बिछाकर मिट्टू को उसके घर से हिरासत में लिया।

जुर्म की स्वीकारोक्ति और गिरफ्तारी

पूछताछ के दौरान आरोपी मिट्टू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि किसी विवाद के बाद उसने अशोक गौड़ की हत्या कर दी और शव को बोरी में भरकर नाले में बहा दिया था ताकि वह समुद्र की ओर निकल जाए। आरोपी मूल रूप से आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हत्या में मिट्टू के साथ कोई और भी शामिल था। मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन में की गई इस त्वरित कार्रवाई की शहर भर में सराहना हो रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com