जगदीप धनखड़ के इस्तीफे का ‘सीक्रेट चैप्टर’? संजय राउत की किताब ‘अनलाइकली पैराडाइज’ से सियासी भूचाल
Sanjay Raut की किताब 'Unlikely Paradise' में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर सनसनीखेज दावे। 23 मार्च को दिल्ली में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा विमोचन।
- Written By: अनिल सिंह
Sanjay Raut On Jagdeep Dhankhar Resignation (फोटो क्रेडिट-X)
Sanjay Raut On Jagdeep Dhankhar Resignation: देश की सियासत में अक्सर चर्चाएं दबी जुबान में होती हैं, लेकिन जब कोई दिग्गज नेता सीधे ‘किताब’ के जरिए राज खोलने का दावा करे, तो हलचल मचना लाजिमी है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने शनिवार को एक ऐसा बयान दिया है, जिसने दिल्ली से लेकर मुंबई तक के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। राउत के अनुसार, उनकी जेल यात्रा पर आधारित किताब के अंग्रेजी संस्करण में एक विशेष अध्याय पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के घटनाक्रम पर आधारित है।
जुलाई 2025 में जब जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उपराष्ट्रपति पद छोड़ा था, तब पूरा देश हतप्रभ रह गया था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में खुद धनखड़ ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि उनके इस्तीफे के पीछे केवल ‘स्वास्थ्य’ कारण नहीं थे। अब संजय राउत का यह दावा कि उनके पास उस घटनाक्रम की अंदरूनी जानकारी है, इस मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ ले आया है।
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की अनकही कहानी?
संजय राउत ने पीटीआई-भाषा से बात करते हुए साफ किया कि उनकी संशोधित किताब ‘अनलाइकली पैराडाइज’ में जगदीप धनखड़ के पद छोड़ने के घटनाक्रम को विस्तार से शामिल किया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि जुलाई 2025 का वह इस्तीफा आज भी कई अनसुलझे सवालों के घेरे में है। राउत का दावा है कि इस किताब में न केवल धनखड़, बल्कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच-छह अन्य बड़े नामों के उदाहरण भी शामिल हैं, जो व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में मानसून कमजोर, राज्य के अधिकांश जिलों में औसत से 80% कम बारिश
MIFF में 17 पुरस्कारों की घोषणा, पोलैंड की ‘सिल्वर’ बनी सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री
‘शिक्षा विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव’, लिबर्टी गार्डन स्कूल का पीयूष गोयल ने किया उद्घाटन
‘मैं शिवसेना में ही रहूंगा…’, बागी सांसद नागेश पाटिल अष्टिकर का रहस्यमयी बयान; ऑपरेशन टाइगर के बीच बढ़ी उलझन
ये भी पढ़ें- अशोक खरात की बढ़ी मुश्किलें: 100 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो आए सामने, तीन और महिलाओं ने दर्ज कराई शिकायत
‘नरकटला स्वर्ग’ से ‘अनलाइकली पैराडाइज’ तक का सफर
बता दें कि संजय राउत को 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था। मुंबई की आर्थर रोड जेल में बिताए गए अपने अनुभवों को उन्होंने पहले मराठी में ‘नरकटला स्वर्ग’ (नर्क में स्वर्ग) नाम से पिरोया था, जो पिछले साल प्रकाशित हुई और काफी चर्चित रही। अब इसका अंग्रेजी अनुवाद ‘अनलाइकली पैराडाइज’ नए अध्यायों और वर्तमान राजनीतिक संदर्भों के साथ वैश्विक पाठकों के लिए तैयार है। इसमें जेल की कोठरी के अकेलेपन से लेकर देश की शीर्ष सत्ता के गलियारों में होने वाली उथल-पुथल का संगम देखने को मिलेगा।
23 मार्च को दिल्ली में सियासी दिग्गजों का जमावड़ा
इस किताब का भव्य विमोचन 23 मार्च को नई दिल्ली में होने जा रहा है, जो अपने आप में एक विपक्षी शक्ति प्रदर्शन जैसा नजर आ रहा है। समारोह में राज्यसभा सदस्य कपिल सिबल, संजय सिंह, डेरेक ओ‘ब्रायन और जया बच्चन जैसे दिग्गज शामिल होंगे। इतना ही नहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। फिलहाल, बीजेपी या सत्ताधारी गठबंधन की ओर से इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन विमोचन की तारीख नजदीक आते ही जुबानी जंग तेज होने की पूरी उम्मीद है।
