कौन है रिदम पंचाल उर्फ मोंटी? 60 से ज्यादा शिकायतें, जिम ट्रेनर से काला जादू मास्टर बनने तक की पूरी कहानी
Ridham Panchal Mumbai Fraud Baba Case: जिम ट्रेनर से तांत्रिक बना रिदम पंचाल गिरफ्तार। 60 महिलाओं के शोषण और अघोरी पूजा का आरोप। दिंडोशी पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
- Written By: अनिल सिंह
Ridham Panchal Mumbai Fraud Baba Case
Ridham Panchal Fraud Baba: मुंबई के दिंडोशी इलाके में पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने श्रद्धा और विश्वास के नाम पर अंधश्रद्धा का घिनौना बाजार सजा रखा था। रिदम पंचाल उर्फ मोंटी (37) नामक इस भोंदू बाबा ने उपचार के बहाने न केवल मासूम लोगों को लूटा, बल्कि विशेष रूप से महिलाओं के शारीरिक और मानसिक शोषण की सारी हदें पार कर दीं। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब भाजपा के पूर्व नगरसेवक एडवोकेट सिद्धार्थ शर्मा और 60 से अधिक पीड़ित महिलाओं ने एकजुट होकर इस तथाकथित तांत्रिक के खिलाफ मोर्चा खोला।
रिदम पंचाल की कहानी किसी फिल्मी पटकथा जैसी है, जो चार साल पहले तक एक साधारण जिम ट्रेनर के रूप में काम करता था। लेकिन कम समय में अमीर बनने और रसूख हासिल करने की सनक ने उसे एक ‘भोंदू बाबा’ में तब्दील कर दिया। उसने मालाड के एक खुले मैदान में अपना दरबार लगाना शुरू किया, जहाँ वह दावा करता था कि उस पर देवी अवतरित होती हैं। धीरे-धीरे उसने लोगों के मन में डर और अंधविश्वास का ऐसा जाल बुना कि शिक्षित परिवार भी उसकी अघोरी प्रथाओं की चपेट में आने लगे।
मध्यरात्रि का दरबार और अमानवीय मांगें
रिदम पंचाल उर्फ मोंटी का असली खेल सूर्यास्त के बाद शुरू होता था, जहाँ वह रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक अपना दरबार लगाता था। वह विशेष रूप से उन महिलाओं को निशाना बनाता था जिन्हें संतान प्राप्ति में बाधा आ रही थी या जो गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। उपचार के नाम पर वह उनसे बकरे का कलेजा, जिंदा मुर्गी, महंगी शराब और सिगरेट जैसी चीजों की मांग करता था। वह भक्तों के सामने सिगरेट पीकर धुआं छोड़ता और दावा करता कि वह उनके शरीर से ‘भूत’ उतार रहा है, जबकि इसी आड़ में वह महिलाओं के साथ अश्लील कृत्य करता था।
सम्बंधित ख़बरें
मुलुंड स्टेशन पर FOB गर्डर लॉन्चिंग के लिए 25-26 जुलाई को मेगा ब्लॉक, ये लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द
कर्जत-लोनावला घाट में तीसरी लाइन की बहाली जारी, मध्य रेलवे ने बढ़ाया ट्रेनों का रद्दीकरण व डायवर्जन
यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत, पश्चिम रेलवे ने इन स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए, देखें पूरी लिस्ट
आषाढ़ी एकादशी पर यात्रियों को राहत, मध्य रेल चलाएगी मिरज-दादर वन-वे स्पेशल ट्रेन, जानें रूट और टाइमिंग
ये भी पढ़ें- TCS नासिक धर्मांतरण केस: संदिग्ध आरोपी निदा खान के ‘दिल्ली विस्फोट’ से जुड़ने लगे तार, टेरर लिंक की आशंका
जिम की बेंच से तांत्रिक की गद्दी तक का सफर
जांच में सामने आया है कि मोंटी ने अपनी ‘जिम ट्रेनर‘ की पर्सनालिटी का इस्तेमाल शुरुआत में लोगों को प्रभावित करने के लिए किया। जब उसे लगा कि फिटनेस से ज्यादा मुनाफा अंधश्रद्धा में है, तो उसने अघोरी चोला ओढ़ लिया। वह खुद को एक शक्तिशाली तांत्रिक के रूप में पेश करने लगा और कथित तौर पर उसे कुछ स्थानीय रसूखदारों का संरक्षण भी प्राप्त था। जब कुछ पीड़ितों ने विरोध करने की कोशिश की, तो उसने उनके घरों पर गुंडे भेजकर उन्हें जान से मारने की धमकियां तक दीं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।
कानूनी शिकंजा और पुलिसिया कार्रवाई
एडवोकेट सिद्धार्थ शर्मा के हस्तक्षेप के बाद दिंडोशी पुलिस ने सबूतों के साथ जाल बिछाकर रिदम पंचाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ महाराष्ट्र अंधश्रद्धा और जादू-टोना निवारण अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आज उसे बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस उसकी रिमांड की मांग करेगी। अब तक 60 से अधिक शिकायतें प्राप्त होने के कारण पुलिस को संदेह है कि इस घोटाले और शोषण की व्याप्ति अभी और बढ़ सकती है।
